नई दिल्ली । कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों ने गणतंत्र दिवस के मौके पर ट्रैक्टर परेड के दौरान जो हिंसा फैलाई, उस मामले में अभी तक अलग-अलग थानों में 22 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा बलों की संख्या में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक दिल्ली से गाजियाबाद जाना है तो कड़कड़ी मोड़, शाहदरा और DND का प्रयोग करें। वहीं मिन्टो रोड से कनाट प्लेस जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने गाजीपुर मंडी, NH-9 और NH-24 को भी बंद कर दिया है। गणतंत्र दिवस पर किसान संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा लाल किले पर किए गए बवाल में तोड़फोड़ और पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और हथियारों की लूट जैसे मामलों में केस दर्ज किए गए हैं। साथ ही किसान संगठनों ने पुलिसवालों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। बसों और गाड़ियों में तोड़फोड़, पथराव के बाद कुछ किसानों ने लाल किले पर अपना झंडा लगा दिया। कई पुलिस वालों को लाल किले के पास दीवार से कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी।
हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने गणतंत्र दिवस पर किसान ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया था। इस ट्रैक्टर परेड को लेकर मोर्चा के साथ दिल्ली पुलिस की कई दौर की बैठकें हुई थीं। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को सुबह करीब 8:30 बजे 6 हजार से 7 हजार ट्रैक्टर सिंघु सीमा पर इकट्ठा हुए। लेकिन बाद में पहले से निर्धारित रास्तों पर जाने के बदले उन्होंने मध्य दिल्ली की ओर जाने लगे, जिससे तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
