रायपुर, 26 जनवरी. गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री चंद्रशेखर गंगराड़े ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत का सचिवालय के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए संदेश का वाचन किया। डॉ. महंत ने अपने संदेश में कहा कि संविधान में अधिकारों के साथ-साथ दायित्वों-कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। प्रत्येक नागरिक की अलग-अलग भूमिका में अलग-अलग कर्तव्य होते हैं, इसलिए हमारा यह प्रयास होना चाहिए कि हम जिस भी भूमिका में हों, अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से करें, तभी हम इस देश के प्रति, समाज के प्रति अपना सकारात्मक योगदान देते हुए एक अच्छे नागरिक होने का दायित्व पूर्ण कर सकेंगे। प्रमुख सचिव श्री गंगराड़े ने सचिवालय के अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।
