जय स्तंभ चौक पर कोरोना जागरूकता को चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
राजनांदगांव। लोगों में कोरोना के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इसके प्रति लापरवाही रोकने के उद्देश से शहर में आज हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान मॉस्क न पहनने वाले लोगों को रोककर कोरोना अनुरूप व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गयी और साथ ही उनको मास्क भी दिया गया।
हस्ताक्षर अभियान का आयोजन जय स्तंभ चौक पर स्वास्थ्य विभाग एवं सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च द्वारा किया गया। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों से कोरोना अनुरूप व्यवहार अपनाने के लिए शपथ दिलाकर हस्ताक्षर कराये गए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कहा, अभी भी हमें सामूहिक आयोजनों एवं भीड़-भाड़ वाली जगहों पर कोरोना अनुरूप व्यवहार अपनाने की सख्त जरूरत है, क्योंकि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। लोगों को यह समझने की जरुरत है कि अभी लापरवाही बरतना न केवल उनके लिए बल्कि समाज के लिए भी महंगा पड़ सकता है। उन्होंने सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च द्वारा की गयी इस पहल की सराहना भी की।
कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा, कोविड-19 का खतरा अभी टला नहीं है इसलिए प्रोटोकाल का पालन करना आज भी उतना ही जरूरी है जितना नौ महीने पहले था। उन्होंने कहा कुछ दिनों में कोविड वैक्सीन भी आ जायेगी, लेकिन वैक्सीन आने के बाद भी सभी आवश्यक सावधानियां बरतना बहुत जरूरी है, जैसे मॉस्क पहनना, दो गज की दूरी, हाथ धोना एवं कोरोना का कोई भी लक्षण नजर आते ही खुद को आइसोलेट करते हुए शीघ्र जांच कराना अति आवश्यक है।
वहीं नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने कहा, कोविड-19 से सभी को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है कि पहले हम खुद कोरोना अनुरूप व्यवहारों का पालन करें और अपने सगे संबंधियों एवं पड़ोसियों को भी यह व्यवहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें। सभी के लिए यह आवश्यक है कि इस महामारी से बचाव को एक जन आंदोलन बनाएं और सभी लोग इसमें सहभागी बनें तभी कोरोना पर विजयी हो सकते हैं। समुदाय का सहयोग इसमें नितांत आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
हस्ताक्षर अभियान में स्वच्छता दीदियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने कोरोना अनुरूप व्यवहार अपनाने की शपथ भी ली। इस दौरान स्वच्छता दीदी प्रेमा सोनकर ने कहा, अब लोग कोरोना को लेकर बहुत लापरवाह हो गए हैं, बहुत कम लोग मॉस्क लगा रहे हैं, जबकि डॉक्टर लोग टीवी पर आज भी बोलते हैं कि वैक्सीन आ जायेगी, उसके बाद भी मॉस्क लगाना जरूरी है, हम तो अपने काम के दौरान मॉस्क जरूर प्रयोग करते हैं और सभी लोगों को भी करना चाहिए।
वैक्सीन के बाद भी यह सावधानियाँ हैं जरूरी
० सार्वजनिक स्थानों पर एक दूसरे से दो गज की दूरी रखें
० मास्क जरूर पहनें
० साबुन से 40 सेकंड तक हाथ धोएं या सेनेटाइज करें
० सार्वजनिक स्थलों पर थूकने से पूरी तरह से बचें
० कोरोना के लक्षण दिखने पर खुद को आइसोलेट करते हुए जल्द से जल्द जांच जरूर करवाएं।
