गणतंत्र दिवस समारोह इस साल भी म्युनिसिपल स्कूल मैदान में होगा
राजनांदगांव 29 दिसम्बर 2020। गणतंत्र दिवस 2021 जिला स्तरीय मुख्य समारोह इस वर्ष भी सर्वेश्वरदास नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान राजनांदगांव में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को कोरोना संक्रमण के प्रोटोकाल का पालन करते हुए प्रतिवर्ष की भांति गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश जिले के सभी विभाग और कार्यालय को दिए हैं। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा की अध्यक्षता में आज गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न हुई। बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। विभागीय अधिकारियों को उन्हें दी गई जिम्मेदारियों के अनुरूप समय से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने कहा कि सभी तैयारियां गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए।
श्री वर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। इस वर्ष कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी परेड में शामिल नहीं होंगे। वहीं विद्यार्थियों को अन्य गतिविधियों में भी शामिल नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता पूर्वक करें। बैठक में बताया गया कि गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के लिए परेड की तैयारी पुलिस विभाग द्वारा की जाएगी। समारोह स्थल की साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत, साज-सज्जा, बैरिकेटिंग, पंडाल एवं बैठक व्यवस्था, पेयजल, माईक, जनरेटर, चिकित्सा टीम एवं एम्बुलेंश आदि की व्यवस्था के संबंध में भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौपी गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि इस दिवस के लिए अन्य तैयारियां राज्य शासन द्वारा निर्णय आने पर उनके अनुसार की जाएगी।
गणतंत्र दिवस झांकियां –
बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में वन विभाग, जिला पंचायत, जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिमजाति कल्याण विभाग, नगर निगम राजनांदगांव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछलीपालन, विद्युत विभाग और पुलिस विभाग की झांकियां निकलेंगी। सभी झांकियां राज्य शासन की विभागीय योजनाओं पर केन्द्रित होंगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डे, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम, एडिशनल एसपी श्रीमती सुरेशा चौबे, सीएसपी श्री मणीशंकर चंद्रा, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
