राजनांदगांव सुरगी चौकी क्षेत्र के भर्रेगांव में बारातियों से भरी मालवाहक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बाराती के मालवाहक में दबने से मौत हो गई। वहीं 7 लोगों को चोटें आई है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में उपचार दिया गया।
घटना सोमवार शाम करीब 4.30 बजे की है। पुलिस ने बताया कि मालवाहक क्रमांक सीजी 04 एजेड 6756 कन्हारपुरी से बारातियों को लेकर पाटन जाने निकले थे। मालवाहक अभी भर्रेगांव के पास पहुंची थी, तभी मोड़ में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार खोमेश्वर साहू बुरी तरह दब गया। जिससे उसकी हास्पिटल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं राजेंद्र साहू, आशीष मंडावी, पंकज निर्मलकर सहित अन्य लोगों को हाथ, पैर और सिर में चोटें आई है। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में इलाज के लिए दाखिल किया गया। मालवाहक में करीब 15 लोग सवार होकर बारात जाने निकले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
