कलापथक दल द्वारा मद्यपान एवं नशा के दुष्परिणामों को बताया गया
राजनांदगांव 19 दिसम्बर । समाज कल्याण विभाग द्वारा बाबा गुरूघासी दास जयंती के अवसर पर आस्था मूक बधिर विद्यालय बसंतपुर एवं भगवान महावीर वृद्धाश्रम पार्रीनाला में मद्य निषेध दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशापान के दुष्परिणामों से जनमानस में जनजागृति के लिए शपथ दिलाई गई। कलापथक दल द्वारा मद्यपान एवं नशा के दुष्परिणामों को गीत-संगीत के माध्यम से बताया गया। उप संचालक समाज कल्याण श्री बीएल ठाकुर ने नशा के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत माता वाहिनी से संबंधित महिला स्व-सहायता समूह एवं पुलिस विभाग नशामुक्ति के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे हैं। आस्था समाज सेवा संस्था के अध्यक्ष श्री हेमंत तिवारी ने शिक्षित युवा पीढ़ी वर्ग को संत श्री गुरूघासीदास बाबा के मार्ग का अनुसरण करने कहा। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आस्था मूक बधिर शाला एवं अभिलाषा दिव्यांगजनों के शिक्षण-प्रशिक्षण केन्द्र के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
