राजनांदगांव राम दरबार मंदिर चौक से पार्रीकला तक नेशनल हाईवे अब वन-वे नहीं होगा। इससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी। नेशनल हाईवे के दोनों किनारे पार्रीकला तक सर्विस रोड बना रही गोंदिया की निर्माण एजेंसी ने वन-वे को ओपन कर दिया है। राजनांदगांव से दुर्ग की तरफ जाने वाले वाहन चालक फोरलेन पर चलेंगे। यहां राम दरबार मंदिर से पार्रीकला तक डामरीकरण का कार्य पूरा होने पर इस रोड को खोल दिया गया। कल शुक्रवार से दूसरी तरफ डामरी करण का काम शुरू किया जाएगा।
बाइपास मोड़ पर रोटरी जंक्शन का काम तेजी पर है। इसके अलावा एक विशाल पुलिया का निर्माण किया जा रहा है जो मार्च तक पूरा होगा। अप्रेल से नई सर्विस रोड की सौगात मिल जाएगी। यहां दोनों तरफ सर्विस रोड का बेस बनाने, समतल करने फिर डामरी करण कार्य के चलते नेशनल हाईवे को सुंदरा तक वन वे करना पड़ रहा था।
इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी और जाम लगने की आशंका बनी रहती थी। जिसके चलते निर्माण एजेंसी से एक तरफ डामरी करण कार्य पूरा होते वन-वे को खोल दिया है। अब दूसरी तरफ डामरी करण करने इसे दोबारा वन-वे करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हादसें भी नहीं होंगे। पार्रीकला चौक पर लगातार हो रहे हादसों में कुछ ग्रामीणों को जान गवांनी पड़ी। ग्रामीणों ने सर्विस रोड बनाने की मांग की थी। जिसके चलते सालभर पहले इसका भूमिपूजन किया गया। बारिश और दूसरी दिक्कत के चलते काम प्रभावित रहा जो मार्च में पूरा हो जाएगा और हादसे नहीं होंगे।
