राजनांदगांव नगरीय निकाय क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में शांतिपूर्ण व सफलतापूर्वक मतदान होने के बाद मतदान दलों की सकुशल वापसी हो गई है। मतदान कराने के बाद देर शाम से ही मतदान दलों के वापसी का सिलसिला शुरू हो गया था। यह सिलसिला देर रात्रि तक चलता रहा। जिस स्थान से मतदान सामग्री का वितरण किया गया था, उसी स्थान पर मतदान सामग्री की वापसी हुई।
मतदान दलों द्वारा मतदान सामग्री जमा करने के लिए सभी काउंटर्स में पर्याप्त तैयारी कर ली गई थी एवं मतदान दलों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गई थी। अब मतगणना की तैयारी शुरू हो गई है। सभी ईवीएम स्ट्रांग में रूम में रखे गए हैं। सुरक्षा बलों की निगरानी में ईवीएम रखे गए हैं।
जिले में नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के संचालन एवं प्रेक्षण कार्य के लिए नियुक्त प्रेक्षक आईएएस जयश्री जैन तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने कृषि उपज मंडी परिसर में नगरीय निकायों के मतदान के बाद अभ्यर्थियों व मतदान अभिकर्ताओं की बैठक लेकर संवीक्षा की।
बैठक में नगरीय निकायों में ऐसे मतदान केन्द्र जहां नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 में संपन्न हुए मतदान में पूर्व के निर्वाचन की अपेक्षा कम या अधिक मतदान होने के साथ उनकी संवेदनशीलता की विस्तार की समीक्षा की गई। अभ्यर्थियों व मतदान अभिकर्ताओं ने मतदान के लिए की गई व्यवस्थाओं व शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया के लिए प्रशंसा भी की।
रिटर्निंग ऑफिसर खेमलाल वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मतदान 11 फरवरी को संपन्न हुआ। मतदान बाद ईव्हीएम मशीनों को कृषि उपज मंडी समिति के नवनिर्मित गोदाम में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है।
