रायपुर- शहर के शंकर नगर इलाके में शनिवार की देर शाम चाकूबाजी की एक वारदात हो गई। इसमें दो युवकों को गंभीर रुप से चोटें आई हैं । मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है अन्य दो बदमाश फरार हैं । जिनकी तलाश की जा रही है। घटना को अंजाम देने वाले युवक शंकर नगर इलाके के ही रहने वाले हैं।
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार की शाम शंकर नगर के पार्क के पास विक्की छुरा, मुजाहिद, दद्दू और उसके कुछ साथी आपस में झगड़ रहे थे। इन बदमाशों ने पास ही खड़ी गौतम साहू नाम के युवक की बाइक को पटक दिया। थोड़ी देर बाद गौतम अपने साथी धन साय मरावी के साथ मौके पर पहुंचा। दोनों ने युवकों को बाइक में तोड़फोड़ करने से रोकना चाहा। इससे गुस्साए बदमाशों ने चाकू से धन साय मरावी और गौतम पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गौतम साहू की पीठ पर एक चाकू जा धंसा। धन साय के पैरों में चोट आई है। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी दद्दू को गिरफ्तार कर लिया है । विक्की छुरा और मुजाहिद फरार हैं, जिन्हें जल्द ही पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
मामले में शंकर नगर के ही रहने वाले किशोर प्रजापति नाम के युवक ने भी सिविल लाइन थाने में शिकायत की है। किशोर ने बताया कि विक्की और उसके साथी आपस में झगड़ने के दौरान एक दूसरे को गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे। इस दौरान उसकी मां संतोष प्रजापति ने बदमाशों को छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने किशोर और उसकी मां के साथ भी मारपीट की। फिलहाल, पुलिस दोनों ही मामलों की छानबीन कर रही है।
