छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाले से एक नवजात बच्ची का शव बरामद किया गया है। रविवार की दोपहर बच्ची के नाले में पड़े होने की खबर क्षेत्र के लोगों के बीच फैली। बच्ची को देखने लोगों की भीड़ जमा होने लगी।
क्षेत्र के पार्षद ने इस बारे में जानकारी पुलिस को दी। पुरानी बस्ती पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद बच्ची के शरीर को बाहर निकाला गया । जांच में बच्ची मृत पाई गई अब उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में इस बात की जानकारी भी जुटा रही है कि क्या किसी महिला की डिलीवरी हुई है।
क्षेत्र के पार्षद सतनाम पनाग ने बताया कि इलाके में करीब 100 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। भाटागांव नाका चौक के नाले के पास बच्ची बरामद की। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। जल्द ही बच्ची को नाले में फेंकने वालों का पता लग जाएगा।
