रायपुर- बोरियाखुर्द हत्याकांड के आरोपियों को जेल भेजने के बाद वारदात का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में नाबालिग की लाश खून से लथपथ पड़ी है, और हत्या का आरोपी उसके बाद भी चाकू से वार कर रहा है। आरोपी भी नाबालिग है, लेकिन वीडियो बनाने वाला उसका भाई बालिग है। वारदात का वीडियो बनाने के बाद उसी ने वायरल किया, ताकि इलाके में उनकी दहशत बने। पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग की मृतक ने चार-पांच बार पिटाई कर दी थी। कुछ माह पहले तो उसने आरोपी नाबालिग के गाल पर ब्लेड मार दिया था। उसी के बाद से आरोपी और उसके भाई ने मृतक को रास्ते से हटाने की ठान ली थी। पुलिस अफसरों के अनुसार आरोपी जुबेर और उसके नाबालिग भाई ने रविवार आधी रात बोरियाखुर्द में नाबालिग राहुल तांडी की हत्या की थी।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक मृतक और आरोपी दोनों का थाने में रिकार्ड है। उनका बड़ा ग्रुप है। आरोपी हत्या के बाद अपने ग्रुप में ये दिखाना चाहता था, कि उसी ने राहुल को मारा है। इस वजह से वह मौत के बाद भी उसे चाकू मारता रहा और उसके बड़े भाई जुबेर अली ने वीडियो बनाया। हत्या के कुछ देर बाद ही आरोपी पकड़े गए, लेकिन उन्होंने उसके पहले ही अपने फ्रेंड्स ग्रुप में वीडियो वायरल कर दिया था। हालांकि वीडियो हत्याकांड के तीन दिन बाद एक के बाद एक ग्रुप से होकर पुलिस तक पहुंचा। वीडियो में दिख रहा है कि राहुल खून से लथपथ पड़ा है, उसके बावजूद आरोपी उस पर चाकू से वार कर रहा है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसके शरीर पर 30 से ज्यादा चाकू के निशान हैं।
पुलिस के अनुसार नाबालिग आरोपी के बड़े भाई जुबेर ने ही हत्या की प्लानिंग की गई। क्राइम पेट्रोल और फिल्म को देखकर जुबेर ने हत्या की योजना बनायी। आरोपियों ने ऐसी सड़क को हत्या के लिए चुना था, जहां रात में गाड़ी नहीं चलती है। हालांकि हत्याकांड का राहुल का दोस्त सागर प्रत्यक्षदर्शी है। पुलिस ने उसे सरकारी गवाह बनाया है।
