बारदाना जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध होगी कार्रवाई
राजनांदगांव 23 नवम्बर। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के लिए शासन द्वारा उचित मूल्य दुकानों से खाली बारदाने जमा करने के निर्देश दिए गए थे। विकासखंड खैरागढ़ में बाजगुड़ा उचित मूल्य दुकान द्वारा बारदाना जमा नहीं करने पर एसडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय ने दुकान निलंबित करने की कार्रवाई की। विकासखंड खैरागढ़ में संचालित उचित मूल्य दुकानों से अप्रैल 2020 से अक्टूबर 2020 तक कुल खाद्यान्न भण्डारण के आधार पर उचित मूल्य दुकानों से खाली बारदाने जमा करने के लिए समय-समय निर्देशित किया गया था।
ऐसे उचित मूल्य दुकाने जिनके द्वारा शून्य बारदाना जमा किया गया है उनके विरूद्ध सहायक खाद्य अधिकारी श्री नरेन्द्र वाहने, खाद्य निरीक्षक खैरागढ़ विनोद सागर द्वारा ग्राम पंचायत द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान बाजगुडा की जांच की गई। जांच के दौरान पीडीएस का बारदाना जमा नहीं करने के कारण उचित मूल्य दुकान बाजगुड़ा को निलंबित किया गया। इस प्रकार की जांच नियमित की जाएगी तथा बारदाना जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे दुकान जिनके द्वारा कम बारदाना जमा किया गया है उन दुकानों की जांच कर दुकान निलंबित की कार्रवाई की जाएगी।
