दीपावली के दूसरे दिन आयोजित होता रहा है अन्नकूट प्रसादी
राजनांदगांव – संस्कारधानी नगरी के हृदय स्थल में स्थापित हिन्दू आस्था का केंद्र सुप्रसिद्ध श्री सत्यनारायण मंदिर , कामठी लाइन द्वारा लगभग 100 वर्षों से दीपावली के दूसरे दिन आम जनता के लिए अन्नकूट प्रसादी का कार्यक्रम आयोजित किया जाता रहा है । इस वर्ष 15 नवंबर को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट आयोजित होना था , किंतु वर्तमान परिस्थिति में संपूर्ण विश्व में आई कोरेना महामारी की वजह से तथा शासन प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुसार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सत्यनारायण मंदिर समिति ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के साथ आयोजित होने वाले अन्नकूट महाप्रसादी को स्थगित किया जावे ।
सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष अशोक लोहिया , सचिव सुरेश अग्रवाल एवं मंदिर व्यवस्था प्रभारी राजेश शर्मा , श्यामसुंदर खंडेलवाल , पवन लोहिया एवं लक्ष्मण लोहिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सत्यनारायण मंदिर में आयोजित होने वाला अन्नकूट महाप्रसादी भव्य स्वरूप में पूरे संस्कारधानी नगरी में प्रसिद्ध है , जहां बिना किसी जाति – धर्म , अमीर – गरीब का भेद किए बिना प्रत्येक आम नागरिक को भरपूर प्रसादी स्वरूप मुंग , चांवल , कढ़ी , मिक्स सब्जी , पूड़ी एवम् बूंदी प्रदान की जाती रही है ।

प्रसादी की सब्जी एवम् कढ़ी का इंतजार प्रत्येक नागरिक को वर्षभर रहता है । किंतु इस वर्ष यह आयोजन नहीं किया जा रहा है । इससे भक्तजनों को होने वाली असुविधा के लिए समिति ने खेद व्यक्त करते हुए आम नागरिकों एवं माताओं बहनों से आग्रह किया है कि अन्नकूट दिवस मंदिर में चढ़ावे के रूप में लाने वाले सिदे ( अनाज एवं सब्जियों ) को इस वर्ष मंदिर में लेकर ना आवे । इसके स्थान पर मंदिर में सहयोगात्मक दान स्वरूप नगद राशि मंदिर के आचार्य पंडित बद्री महाराज एवम् पंडित कालू महाराज के पास जमा करके रसीद प्राप्त करें अथवा दानपात्र में अपनी दान राशि भेंट करके मंदिर समिति को सहयोग प्रदान करें ।
प्रेषक :
अशोक लोहिया
अध्यक्ष , सत्यनारायण मंदिर समिति
