राजनांदगांव 07 नवम्बर। सचिव कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम. गीता ने आज रेवाडीह स्थित शहर के गोबर संग्रहण केन्द्र का निरीक्षण किया। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम. गीता ने कहा कि यहां अधिक मात्रा में गोबर का संग्रहण किया गया है। दुर्ग संभाग एवं कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं अन्य संबंधित विभाग समन्वित तरीके से कार्य करें। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट के अलावा गोबर की लकड़ी, दीया, अगरबत्ती एवं अन्य वस्तुएं बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि गोबर से गोबर गैस उत्पादन भी किया जा सकता है। नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि गोबर गैस उत्पादन किया जा चुका है और इस दिशा में कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम राजनांदगांव में दो स्थानों नवागांव एवं रेवाडीह में गोबर संग्रहण केन्द्र है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ तनुजा सलाम, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त संचालक दुर्ग आरके राठौर, उप संचालक जीएस धु्रर्वे, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुनील वर्मा, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, जनपद सीईओ गोपाल कंवर, सहायक संचालक पशुपालन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
