राजनांदगांव निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने तकनीकी अफसरों की बैठक लेकर वार्ड वार निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रारंभ व अधूरे कार्यों को लेकर इसमें तेजी लाने कहा है। आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य व चालू निर्माणाधीन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने कहा। उप अभियंताओं से निर्माण कार्यों की वार्ड वार जानकारी लेकर समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने कहा है।
महापौर निधि, पार्षद निधि के अलावा अधोसंरचना मद एवं राज्य प्रवर्तित योजनांतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की। उप अभियंताओं ने काम में कुछ कठिनाई के बारे में बताया। ठेकेदारों ने दीवाली के बाद श्रमिक नहीं होने की समस्या बताई। आयुक्त ने ठेकेदारों को कार्य शुरू करने कहा। कार्यादेश उपरांत कार्य प्रारंभ नहीं करने, अधूरे कार्य बंद करने व समय सीमा में कार्य नहीं करने वाले संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। तीन नोटिस के बाद कार्य नही करने पर संबंधित ठेकेदार का ठेका निरस्त किया जाएगा। उप अभियंताओं से कहा वार्डों की जानकारी अपडेट रखें। कार्यपालन अभियंताओं से कहा भूमिपूजन व लोकार्पण के कार्यों की सूची उपलब्ध करावें, ताकि लोकार्पण व कार्य प्रारंभ कराया जा सके।
कार्य की गुणवत्ता के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं आयुक्त ने कहा कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता नही करना है, गुणवत्ताहीन कार्य पर संबंधित को नोटिस जारी किया जाएगा। डामरीकरण की जानकारी लेकर शेष प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य जल्द प्रारंभ कराने कहा। शहर की आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत की जानकारी लेकर प्राथमिकता से मरम्मत कराने कहा। उप अभियंता एवं सहायक अभियंता स्थल निरीक्षण कर कार्य में प्रगति लाएंगे। कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता उप अभियंताओं की बैठक लेकर कार्य की प्रगति एवं समस्या से अवगत होकर कार्य पूर्ण कराने कहा गया है।





