संस्कारधानी गरबा उत्सव समिति द्वारा शिवनाथ वाटिका में दूसरे दिन विजेताओं को किया गया पुरस्कृत


राजनांदगांव। शारदेय नवरात्रि पर्व पर संस्कारधानी गरबा उत्सव समिति द्वारा शिवनाथ वाटिका में दूसरे दिन गरबा उत्सव की धूम रही ।
रंग-बिरंगी रोशनी, शानदार संगीत और मातारानी की भक्ति से ओत-प्रोत इस गरबा महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। गरबा के दौरान विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद विजेताओं को सम्मानित किया गया।
दूसरे दिन के गरबा उत्सव में सर्वश्रेष्ठ गरबा नृत्य और परिधानों के आधार पर विजेताओं को ट्रॉफी दी गई। बेस्ट गरबा मेल का खिताब पियूष वर्मा ने जीता, जबकि बेस्ट गरबा फीमेल का खिताब रोहिणी देशमुख के नाम रहा। इसके अलावा, निलेश सहारे को बेस्ट ड्रेसअप मेल और शुभांगी शर्मा को बेस्ट ड्रेसअप फीमेल के खिताब से नवाजा गया। बेस्ट कपल के रूप में यश यादव और वंदना को चुना गया, वहीं बच्चों की श्रेणी में वान्या चंद्रकार को बेस्ट किड का पुरस्कार मिला।
इसके अलावा, आयोजन समिति द्वारा विशेष रूप से सिल्वर स्क्रीन टिकट के विजेताओं की घोषणा भी की गई, जिसमें आरती मंजार, निशा मंजार, मौली बख्शी , दीपाली साहू और नितिन रूचंदानी को पुरस्कार स्वरूप टिकट दिए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित शहर के गणमान्य नागरिकों ने विजेताओं को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की। आयोजकों ने बताया कि इस बार का गरबा उत्सव न केवल धार्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा, बल्कि लोगों ने सामाजिक रूप से भी इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
