अग्रसेन भवन में पूजा अर्चना के साथ संपन्न होगी जयंती
5 दीपक प्रज्वलित कर अग्रसेन जयंती पर्व घरों में भी मनाएंगे अग्र बंधु
राजनांदगांव । अग्र कुल प्रवर्तक भगवान श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती प्रतिवर्ष अश्विनी शुक्ला प्रतिपदा को पूरे भारतवर्ष में धूम धाम से उल्लास पूर्वक मनाई जाती है। संस्कारधानी नगरी में भी अग्रवाल सभा , अग्रवाल महिला मंडल एवं अग्रवाल नवयुवक मंडल के द्वारा लगभग 1 सप्ताह तक युवाओं , बच्चों एवम् महिलाओं इत्यादि के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन किए जाते हैं , शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक से सम्मानित किया जाता है। इसी के साथ जिन अग्रवाल जोड़ो के विवाह की स्वर्ण जयंती पूर्ण हो चुकी है , उनका सम्मान किया जाता है। इस वर्ष कोराना महामारी की वजह से भगवान श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती कार्यक्रम 17 अक्टूबर शनिवार को एक दिवसीय आयोजन किया जाएगा। जिसमें श्री अग्रसेन भवन में भगवान श्री अग्रसेन जी की पूजा अर्चना सुबह 11:00 बजे आयोजित की गई है। इसके अलावा अन्य सभी कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं।
श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सुशील अग्रवाल एवं सचिव देवेंद्र अग्रवाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भगवान श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती महोत्सव के अंतर्गत सुबह 11:00 बजे पूजा अर्चना के पश्चात संस्कारधानी नगरी में निवासरत सभी अग्र परिवारों के घरों में प्रसाद भेजा जावेगा। इसके अलावा अन्य कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। पदाधिकारी द्वय ने अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला मंडल तथा अग्रवाल नवयुवक मंडल के समस्त सदस्यों से शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। इसी के साथ समाज के सभी सजातीय बंधुओं से आग्रह किया है कि अपने अपने घरों में 5 – 5 दीपक प्रज्वलित कर भगवान श्री अग्रसेन जी का जयंती पर्व अपने – अपने घरों में भी मनावे।
