नवाचार के साथ ही गुणवत्तापूर्ण कार्य करें अधिकारी : उप मुख्यमंत्री
– विधानसभा अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की
– जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं होनी चाहिए पानी की समस्या
– विधानसभा अध्यक्ष ने पुनरूद्धार वितरण क्षेत्र योजना अंतर्गत मद में प्राप्त राशि लैप्स हो जाने के कारण विकास कार्य बाधित होने पर नाराजगी जाहिर की
– जल जीवन मिशन योजना क्रियान्वयन होना चाहिए अच्छी तरह
– अविवादित नामांतरण एवं बटवारा के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के दिए निर्देश
– समीक्षा के दौरान दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन
– अवैध शराब पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए
राजनांदगांव 01 सितम्बर 2024। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री, गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सांसद श्री संतोष पाण्डेय, विधायक डोंगरगढ़ श्री दलेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू,कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग उपस्थित थे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिले के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और बहुत अच्छे से जिले के विकास कार्यों के संबंध के जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम ग्राम पंचायत तक वाई-फाई की सुविधा होने से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरपंच एवं सचिव से बात हो सकेगी। इसके लिए जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अमृत मिशन योजना तथा पंप लगने के बाद टैंक तक पानी पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या को देखते हुए ट्रांसफार्मर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर एवं मानव संसाधन की उपलब्धता के स्थायी समाधान के लिए कार्य योजना बनाएं। ट्रांसफार्मर की उपलब्धता के लिए टेंडर का कार्य जल्दी करवाएं। इसके लिए आउट सोर्सिंग के माध्यम से कार्य करें। उन्होंने पुनरूद्धार वितरण क्षेत्र योजना के अंतर्गत मद में प्राप्त राशि लैप्स हो जाने के कारण विकास कार्य बाधित होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि समय पर कार्य नहीं करने वाले कंपनी, कान्ट्रेक्टर को कैसिंल करें या ब्लैक लिस्ट करें। उन्होंने कहा कि गौठानों में चल रहे रीपा एवं चारागाह का बेहतर उपयोग करते हुए यह तय करें कि गौठान का और अच्छा उपयोग कैसे किया जा सकता है। ग्राम सभा में गौठान के संबंध में निर्णय लेते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वाकांक्षी योजना है और इसका क्रियान्वयन अच्छी तरह होना चाहिए। जल जीवन के मिशन अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र ही पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व के प्रकरणों का निराकरण शिविर लगाकर करने के निर्देश दिए तथा अविवादित नामांतरण एवं बटवारा के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को समीक्षा के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि अधिकारी नवाचार के साथ ही गुणवत्तापूर्ण कार्य करें। प्रशासन द्वारा शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन करते हुए प्रक्रिया पूर्ण की जाती है, वहीं शासन द्वारा जनसामान्य के हितों को ध्यान में रखते हुए संतोषजनक स्थिति के लिए कार्य किया जाता है। जिले के अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्र में परिश्रम के साथ कार्य किया है। गुणवत्तापूर्ण कार्यों से जो परिवर्तन आते हंै, उसका एक अलग ही स्तर होता है। उन्होंने कहा कि सक्रियता के साथ प्रशासनिक अमले को कार्य करने की आवश्यकता है। शत-प्रतिशत मोबाईल नेटवर्क के माध्यम से जिले में वाई-फाई की व्यवस्था होनी चाहिए। पंचायती राज व्यवस्था में वीडियो कान्फ्रेंसिंग की सुविधा मिलने से प्रत्यक्ष तौर पर जनसामान्य से जुड़ सकेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को अवैध शराब पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लखपति योजना अंतर्गत सीएलएफ कलस्टर की समीक्षा करते हुए इसके लिए कार्य योजना बनाएं ताकि समूह की महिलाओं द्वारा बनाएं गए उत्पाद की अच्छी तरह बिक्री हो सके। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदीयों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि रेवाडीह कांजी हाऊस में गाय की संख्या अधिक है और यहां चारे और पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि राजस्व विभाग अंतर्गत नक्शा, बटांकन, संयुक्त बटवारा एवं खाता विभाजन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साफ्टवेयर के माध्यम से आ रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अभिलेख सुधारने का कार्य किया जा रहा है। ई-कोर्ट के 5 हजार से अधिक लंबित प्रकरणों का समाधान करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक साल से ऊपर के राजस्व प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। जिले के पुराने हास्पिटल में पानी भर जाने की समस्या का समाधान किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने कहा कि जिले में अवैध शराब विक्रेताओं एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इसके रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मिशन जल रक्षा अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मनरेगा अंतर्गत जल संरक्षण के लिए जिले में मिनी परकुलेशन टैंक, गेबियन स्ट्रक्चर जैसी संरचना बनाई जा रही है। जल संगोष्ठी एवं फसल चक्र परिवर्तन के लिए कार्यशाला का आयोजन करने के लिए किसानों को रबी फसल अंतर्गत धान के बदले अन्य फसल लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मनरेगा अंतर्गत आवास का लक्ष्य पूर्ण किया गया है। लखपति दीदी योजना अंतर्गत 14520 समूह की महिलाओं का सर्वे किया गया है, जो विभिन्न आजीविका गतिविधियों जैसे लघु उद्योग, पशु पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन सहित विभिन्न कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बैंक क्रेडिट लिंकेज, बीसी सखी के संबंध में जानकारी दी।
लोक निर्माण की समीक्षा के दौरान कार्य शीघ्र करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग अंतर्गत एजुकेशन हब के तहत प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी, युक्तियुक्तकरण शिक्षकों की पदस्थापना, प्रतिमाह ली जा रही परीक्षा, बच्चों की आवासीय व्यवस्था की जानकारी ली गई। कृषि विभाग अंतर्गत आत्मा योजना के तहत प्रशिक्षण, प्रदर्शनी एवं अन्य गतिविधियों के बारे में बताया गया। सुगंधित धान का क्षेत्र बढ़ाया गया है तथा खाद-बीज की उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी गई है। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, आयुक्त नगर निगम श्री अभिषेक गुप्ता, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री मनोज मरकाम, एसडीएम डोंगरगांव श्री श्रीकांत कोर्राम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 01-उषा किरण ——————

विधानसभा अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री ने जिले की लखपति दीदीयों का लखपति प्रमाण प्रदाय कर किया सम्मानित
राजनांदगांव 02 सितम्बर 2024। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री, गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत उत्कृष्ठ कार्य करने वाली जिले की लखपति दीदीयों का लखपति प्रमाण प्रदाय कर सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत टेड़ेसरा में सीआरजीबी बैंक में कार्यरत बैंक मित्र श्रीमती कीर्ति यादव द्वारा महज 15 दिन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा छोटे-छोटे व्यापार की शुरूआत की योजना प्रधानमंत्री मुद्रा स्वयं सिद्धा योजना के तहत जरूरतमंद 54 बिहान समूह सदस्यों को मुद्रा स्वयं सिद्धा ऋण का प्रकरण तैयार कर राशि का वितरण कराया है। जिससे समूह के सदस्य अपने स्वयं के छोटे-छोटे व्यापार प्रारम्भ कर सके साथ ही श्रीमती कीर्ति यादव स्वयं भी समूह से जुड़कर लखपति दीदी बन चुकी हंै, इसी प्रकार ग्राम पार्रीखुर्द की समूह सदस्य श्रीमती दिव्या निषाद एवं ग्राम तोरणकट्टा की श्रीमती चंद्रकला यादव ने बिहान समूह से जुड़कर अपने व अपने परिवार को गरीबी से ऊपर उठाकर आजीविका प्रारम्भ करते हुए अपने व अपने परिवार की वार्षिक आय एक लाख रूपए से अधिक करते हुए लखपति दीदी बन गई है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष तथा उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री को समूह की सदस्यों द्वारा समूह द्वारा निर्मित सामग्री कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह द्वारा भेंट किया गया।
क्रमांक 02-उषा किरण ——————

स्काउट्स-गाइड्स की जिला समीक्षा बैठक संपन्न
राजनांदगांव 02 सितम्बर 2024। राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ श्री डॉ. सोमनाथ यादव की अध्यक्षता में महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनांदगांव में स्काउट गाइड की जिला समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर राज्य उपाध्यक्ष स्काउट गाइड श्री राजेन्द्र गोलछा, जिला मुख्य आयुक्त श्री महेश खंडेलवाल, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट श्री अभय कुमार जायसवाल, जिला आयुक्त स्काउट श्री संजय बोहरा विशेष रूप से उपस्थित थे। राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ श्री डॉ. सोमनाथ यादव ने जिले के एलटीएएलटीएचडब्ल्यूबी की जानकारी ली। उन्होंने निजी शालाओं में शत-प्रतिशत पंजीयन हेतु निर्देश किया। स्काउट्स एवं गाइड्स से दल संचालन के संबंध में चर्चा की। उन्होंने सभी बेसिक एडवांस प्रशिक्षण प्राप्त को आगे का प्रशिक्षण करने निर्देशित किया। अप्रशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाओं को बेसिक प्रशिक्षण प्राप्त कर विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड की मुख्य धारा से जोडऩे कहा।
राज्य उपाध्यक्ष स्काउट गाइड श्री राजेन्द्र गोलछा ने विभिन्न गतिविधियों के संचालन पर प्रकाश डालते हुए जिले की सभी शालाओं में प्रशिक्षित स्काउटर गाइडर तैयार करने कहा। जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट श्री अभय कुमार जायसवाल ने पूर्व वर्ष एवं वर्तमान वर्ष की जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट गाइड गतिविधियों के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला स्काउट्स एवं गाइड्स आजीवन सदस्य श्री दविंदर सिंह भाटिया, श्री मुन्ना लाल नदेश्वर, श्री आलोक बिंदल, श्री संतोष खंडेलवाल, श्री उत्तम गिडिय़ा, श्री डॉ. मिलन टेम्भूरकर, श्री राकेश भावते, श्री घनश्याम दास साहू, श्रीमती नीना खंडेलवाल, श्रीमती वर्षा अग्रवाल तथा मुख्यालय आयुक्त गाइड श्रीमती उषा चटर्जी, डीएमसी श्री सतीश ब्योहारे, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी छुरिया श्री प्रशान्त चितवरकर, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी डोंगरगढ़ श्रीमती बी कौर गरचा, प्राचार्य महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनांदगांव श्री सीआर वर्मा, वरिष्ठ स्काउटर राजनांदगांव श्री हनुमान दास साहू, जिला सचिव श्री देवेंद्र अम्बादे सहित जिले की हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी विद्यालय से प्रशिक्षित स्काउटर-गाइडर, स्काउट-गाइड प्रभारी की उपस्थित थे।
क्रमांक 03-शुक्ल ——————

छात्रावास संचालन हेतु किराए के भवन की आवश्यकता
राजनांदगांव 02 सितम्बर 2024। शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास राजनांदगांव (100 सीटर) के संचालन हेतु किराए में सर्व सुविधायुक्त निजी भवन की आवश्यकता है। किराए पर देने के लिए इच्छुक निजी भवन स्वामी 16 सितम्बर 2024 तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजनांदगांव के कक्ष क्रमांक 66 में विभागीय उप अभियंता से कार्यालयीन समयावधि में संपर्क कर अभ्यावेदन जमा कर सकते हैं।
क्रमांक 04-शुक्ल ——————

जिले में अब तक औसत 885.6 मिमी वर्षा दर्ज
– लाल बहादुर नगर तहसील में हुई सर्वाधिक 20.5 मिमी वर्षा
राजनांदगांव 02 सितम्बर 2024। राजनांदगांव जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2024 से अब तक औसत 885.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। जिले के सभी 7 तहसीलों में पिछले 24 घण्टों में औसत 11.1 मिमी बारिश हुई। सर्वाधिक वर्षा लाल बहादुर नगर तहसील में 20.5 मिमी दर्ज की गई। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले 24 घण्टों में डोंगरगढ़ तहसील में 7.8 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 20.5 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 16.4 मिमी, घुमका तहसील में 0.5 मिमी, छुरिया तहसील में 8.5 मिमी, कुमरदा तहसील में 6.4 मिमी एवं डोंगरगांव तहसील में 17.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
क्रमांक 05-शुक्ल ——————-

मछुआ सहकारी समितियों की कार्यशाला संपन्न
– नवीन मत्स्य नीति के संबंध में दी गई जानकारी
राजनांदगांव 01 सितम्बर 2024। जिले में पंजीकृत मछुआ सहकारी समितियों के आर्थिक विकास हेतु कार्ययोजना बनाने एवं मछलीपालन में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विकासखंडवार समितियों का एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कार्यालय जनपद पंचायत सभागृह राजनांदगांव, शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र अछोली डोंगरगढ़ एवं शासकीय मत्स्य बीज प्रेक्षत्र कोकपुर में किया गया। कार्यशाला में नवीन मत्स्य नीति के अनुसार समितियों का पंजीयन, उपविधि संशोधन, निर्वाचन, अंकेक्षण सहित अन्य विषयों के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में बहुत पुराने मत्स्य समितियों का पंजीयन होने पर समिति के कार्य क्षेत्र एवं समय समय पर नवीन पंचायतों का नाम उनके उपविधि में लिखा नहीं होने से विवादों के निपटारे के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यशाला में बताया गया कि निर्वाचित पदाधिकारियों की संख्या में उपविधि के अनुसार भिन्नता है, तो जिससे निर्वाचन में समस्या होती है। दस्तावेजों का संधारण नहीं करने पर अंकेक्षण समय पर नहीं होता है। शासन द्वारा जारी नवीन मछली पालन नीति में निहित शर्तों एवं प्रावधानों की जानकारी मछुआ सहकारी समितियां को नहीं होने से वाद विवाद की स्थिति निर्मित होती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए नए नियमों एवं तालाब आबंटन के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही सदस्यों को मछली पालन की नवीन तकनीक के बारे में विस्तार से बताया गया।
क्रमांक 06-उषा किरण ——————

घरेलू गैस सिलेण्डर के दुरूपयोग और अवैध रिफिलिंग पर की गई जप्ती कार्रवाई
– जांच में 96 घरेलू गैस सिलेण्डर, 77 नग रेग्युलेटर और 25 फीट गैस पाईप जप्त
राजनांदगांव 02 सितम्बर 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में घरेलू गैस के दुरूपयोग करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर जप्ती की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य अधिकारी श्री रविन्द्र सोनी ने बताया कि विगत दिनों जिले के छुरिया विकासखंड एवं डोंगरगांव विकासखंड के तीन प्रतिष्ठानों में सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षकों की संयुक्त टीम द्वारा जांच की कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छुरिया विकासखंड के ग्राम आमगांव स्थित प्रतिष्ठान न्यू सांई जनरल स्टोर्स आमगांव (कुमर्दा), राजेश साहू किराना स्टोर्स ग्राम खुर्सीटिकुल तथा डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी स्थिति श्री अनिल कुमार के प्रतिष्ठान में दबिश देकर जांच की गई। जांच के दौरान प्रष्ठिानों में घरेलू गैस सिलेण्डरों की रिफिलिंग एवं अवैधानिक रूप से विक्रय किया जाना पाया गया। जांच में 5 किलो ग्राम के 72 नगर सिलेण्डर, 2 किलो ग्राम के 13 नग एवं 14.2 किलो ग्राम के 11 सिलेण्डर, 77 नग रेग्युलेटर, 25 फीट गैस पाईप जप्त की गई। कलेक्टर न्यायालय में संबंधितों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर प्रस्तुत किया गया है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अग्रवाल ने निर्देशानुसार जिले में चल रहे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, रेहडिय़ों में जांच कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, रेहडिय़ों में कामर्शियल सिलेंडर के अलावा घरेलू सिलेंडर के उपयोग करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
क्रमांक 07- प्रवीण ——————-

