रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स रैकेट का खुलासा हुआ है। शुक्रवार को IG आनंद छाबड़ा, ASP अजय यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर नशे के सौदागरों के रैकेट का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद किये गये ड्रग्स की कीमत 15 लाख रुपए बताई जा रही है। प्रेस वार्ता कर आईजी आनंद छाबड़ा और एएसपी अजय यादव ने बताया कि ये सभी ड्रग्स पेडलर हैं, जो ना सिर्फ नशे के समान की सप्लाई करते थे, बल्कि दूसरे नए व्यक्ति को नशे का आदी बनाने का काम भी करते थे। बता दें ड्रग केस का पहला मामला 30 सितंबर को रजिस्टर्ड किया गया और 9 दिन के भीतर 15 लाख के ड्र्ग्स के साथ 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। 30 सितंबर को बैरनबाजार पॉलिटेक्निक के सामने दो लोगों को एमडीएमए के साथ हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने जब इन दोनों को पकड़कर मामले की जांच आगे बढाई तो एक के बाद एक मामले खुलते गए। इनके पास से भी कोकीन बरामद किया गया था। दोनों के पास से मिली 17 ग्राम कोकीन की कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये की थी। इन चारों ने खुलासे में कई ऐसे चौकाने वाले नामों को बताया, जिसने पुलिस को भी चौका दिया, जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर सायबर सेल और कोतवाली थाना की एक विशेष टीम गठित की गयी।
