राजनांदगांव- राजनांदगांव पुलिस ने गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह के पास से करीब 6 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। पुलिस को यह कामयाबी उस वक्त मिली जब शहर में दाखिल होने की कोशिश कर रहे तस्करों के वाहन को जांच के दौरान पकड़ा। बताया गया है कि पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी बिना नंबर के वाहन का इस्तेमाल कर रहे थे।मिली जानकारी के मुताबिक ओडिशा से राजनांदगांव के रास्ते दो वाहन में शहर के मोहारा के पास पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के दौरान लगभग 125 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने मध्यप्रदेश के रायसेन के रहने वाले 5 युवकों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उड़ीसा से मध्यप्रदेश तक गांजे की अवैध तस्करी करने आरोपियों ने गिरोह बना लिया है। पुलिस के मुताबिक महेन्द्र विश्वकर्मा, अजय लोधी, कमलेश रघुवंशी, शिवकुमार रघुवंशी तथा इरफान खान को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी रायसेन जिले के रहने वाले हैं। पुलिस को पूछताछ में बताया कि लंबे समय से सभी गांजे के अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो कार को भी बरामद किया है। लंबे समय बाद पुलिस के हाथ गांजे की एक बड़ी खेप बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपियों से तस्करी को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।
