राजनांदगांव. शहर में अवैध शराब के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे अब शिक्षा का मंदिर भी अछूता नहीं रहा है। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला से देसी शराब जप्त की है।
कोरोनावायरस के बीच लाॅकडाउन में अवैध शराब का कारोबार काफी तेजी से फल-फूल रहा है। यही कारण है कि राजनांदगांव जिले में अवैध शराब के लगातार मामले सामने भी आ रहे हैं। राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कौरिन भाठा में भी अवैध शराब का मामला सामने आया है। इस स्कूल से बसंतपुर पुलिस ने 29 पौवा देसी शराब जप्त किया है। दरअसल कोरोना संक्रमण के चलते शासन के निर्देशानुसार प्राथमिक शाला बंद है, इसी बीच इसका फायदा उठाकर अवैध शराब का कारोबार करने वाले स्कूल में ही शराब डम्प कर रख रहे थे। दरअसल 5 अक्टूबर को शहर के समस्त वार्डों में कोरोना जांच के लिए वृहद शिविर लगाया जा रहा है। इस स्कूल को भी जांच केंद्र बनाया गया है। जिसके तहत स्कूल की साफ-सफाई की जा रही थी। इसी दौरान स्कूल के बाथरूम में 1 थैले में रखा 29 पव्वा देसी शराब मिला है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई मौके पर पहुंची पुलिस ने देसी शराब को जप्त किया है। शासकीय स्कूल से मिले इस शराब को लेकर पुलिस भी गंभीर है और शराब रखने वाले की तलाश में जुटी हुई है। बसंत थाने की डीएसपी रूचि वर्मा का कहना है कि लॉकडाउन में स्कूल बंद था। स्कूल की चाबी किसके पास रहती है इसकी जानकारी लेकर प्राचार्य को इस संबंध में पत्र भेजा जा रहा है।
लाॅकडाउन में स्कूल बंद होने का फायदा अवैध शराब का कारोबार करने वाले उठा रहे हैं। शहर के बीच कौरिनभांठा प्राथमिक शाला से मिले इस शराब से यही समझा जा सकता है कि शराब के अवैध कारोबारी स्कूल परिसर को शराब छुपाने का मुफीद टिकाना मान रहे हैं। बहरहाल पुलिस ने इस अवैध शराब को जप्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
