राजनांदगांव। मानपुर इलाके में महिला तहसीलदार ने ट्रैक्टर चालक की सरेराह जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि तहसीलदार ने अपने सैंडल से भी ड्राइवर को पीटा है। देर शाम पीड़ित ट्रैक्टर चालक मानपुर थाने पहुंचा। जहां उसका बयान तो लिया गया, लेकिन किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया है।
घटना सोमवार शाम ग्राम तोलूम के पास की है। जानकारी मुताबिक भर्रीटोला निवासी तरुण मंडावी अपने ट्रैक्टर में चार अन्य लोगों को बैठाकर गांव लौट रहा था। तभी पीछे से तहसीलदार संध्या नामदेव अपनी कार को खुद ड्राइव करते हुए आ रही थी। तहसीलदार ने बार-बार हार्न दिया, लेकिन सड़क की चौड़ाई कम होने के चलते ट्रैक्टर चालक तरुण साइड नहीं दे पा रहा था, जगह मिलते ही उसने साइड दी, तब तहसीलदार ने ट्रैक्टर रुकवाई और चालक की पिटाई कर दी।
ट्रैक्टर जब्त कर लिया घटना के बाद तरुण मानपुर थाने पहुंचा। जहां उसने पुलिस से घटना की शिकायत की। लेकिन उल्टे मानपुर पुलिस ने उसका ट्रैक्टर जब्त कर लिया। मामला जब सार्वजनिक हुआ तो मंगलवार को तरुण के ट्रैक्टर को छोड़ा। इधर तहसीलदार संध्या ने खुद पर लगे आरोप को गलत बताया है। एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही।







