राजनांदगांव शिवसैनिकों ने हिन्दू राष्ट्र की मांग एवं धर्मान्तरण के खिलाफ प्रदर्शन कर खैरागढ़ में आतंकियों का पुतला दहन भी किया। उन्होंने इसी मांग पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। शिवसेना जिला प्रमुख कमल सोनी ने बताया खैरागढ़ में शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार की उपस्थिति में हिन्दू राष्ट्र की मांग एवं धर्मान्तरण सहित अन्य हिंदुत्व की मांगों पर धरना प्रदर्शन किया। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और मंदिरों में तोड़-फोड़ की कड़े शब्दों में निंदा की। आतंकियों का पुतला दहन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
मांगपत्र में कहा गया है कि देश को हिन्दू राष्ट्र घोषित किया जाए, देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करें, नागरिक संशोधन अधिनियम 2019 (सीएए) को पूरे देश में लागू करें। देश में धर्मान्तरण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, धर्मान्तरण प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों के साथ प्रमुख शहरी जिलों में हो रहा इसमें रोक लगाएं। प्रदेश में गौ तस्करी बंद करने प्रयास करें। गौ हत्या करने वालों पर 302 में जुर्म दर्ज करने की मांग की गई है। प्रदर्शन में किसान सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव रेशम जांगड़े, कामगार सेना के सचिव राधारमन पांडे, महामंत्री राजेश ठावरे, जिलाध्यक्ष कमल सोनी, केसीजी अध्यक्ष राम ठाकुर मौजूद रहे।
