राजनांदगांव । बलौदा बाजार जिले से पहुंचे 50 कांवड़ियों ने ग्राम सिंघोला के मंदिर में बाबा महाकाल को जल अर्पण किया। उज्जैन की तर्ज पर सावन के चौथे सोमवार को बाबा चंद्रमौलेश्वर की पालकी यात्रा महाकाल मंदिर सिंघोला एवं महाकाल भक्त सेना ने ग्राम सिंगदई से निकाली। इस पालकी यात्रा ने सिंगदई, मोहारा, मोहड़ हल्दी और सिंघोला का भ्रमण किया। पालकी यात्रा में शिवभक्त तिरंगा झंडा लेकर शामिल हुए। स्वतंत्रता दिवस के पहले पालकी यात्रा में शिवभक्ति एवं देशभक्ति की झलक दिखाई दी।
बाबा महाकाल चंद्रमौलेश्वर को तिरंगे से सजाया गया था। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिवभक्त महाकाल की पालकी यात्रा में शामिल होने राजनांदगांव पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में बलौदा बजार जिले से 50 कावड़िए जल लेकर पैदल यात्रा करते ग्राम सिंघोला पहुंचे। उन्होंने सुबह बाबा महाकाल चंद्रमौलेश्वर को जल अर्पण किया और पालकी यात्रा में शामिल हुए।
महाकाल भक्त पवन डागा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर पालकी शोभायात्रा में तिरंगा झंडा विशेष रूप से शामिल किया गया। शोभायात्रा में भगवान शिव के विभिन्न रूपों में लोक कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुति दी। जिसमें अघोरी नृत्य, तांडव नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहा। बोल बम, हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। भजन कीर्तन, ढोल नगाड़ा, झांझ मंजीरा, डमरू बजाते भक्त शोभायात्रा के साथ चले। पालकी यात्रा में शिवभक्तों ने भगवा, सफेद और हरे रंग के वस्त्र धारण कर रखे थे।






