राजनांदगांव जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा छुरिया के प्रबंधक भोलाराम नेताम का ट्रांसफर मोहला ब्रांच में किया गया है। वहीं सुपरवाइजर हुकुम चंद साहू का स्थानांतरण गैंदाटोला ब्रांच में कर दिया गया। छुरिया शाखा के अधीन आने वाली खोभा समिति में किसानों के पर फर्जी लोन निकालने का मामला सामने आया था। इस मामले में बैंक की भूमिका पर जांच करने की मांग जिला सहकारी कर्मचारी संघ ने की थी। लेकिन अभी जांच शुरू नहीं हो सकी थी और इसी बीच ट्रांसफर किया गया है।
जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने कलेक्टर, उपायुक्त सहकारिता, बैंक अध्यक्ष को किसानों के नाम फर्जी लोन मामले में बैंक अफसरों की भूमिका की जांच करने मांग की गई थी। समिति प्रबंधकों ने कहा था कि जांच के बाद हमेशा समिति कर्मियों पर एकतरफा कार्रवाई की जाती रही है इस बार बैंक अफसरों की जांच की जाए। फर्जीवाड़े को केवल समिति द्वारा अंजाम नहीं दिया जा सकता इसमें बैंक की भूमिका संदिग्ध है। सहकारी बैंक शाखा छुरिया के प्रबंधक एवं पर्यवेक्षक की भूमिका पर सवाल खड़े कर तर्क देते कहा था कि बैंक कर्मियों के सहयोग बिना ऐसा करना संभव नहीं है। केसीसी ऋण में किसानों को चेक दिया जाता है तो विड्रॉल कैसे हो गया, इसकी जांच की मांग की थी। कहा था कि खोभा के समिति प्रबंधक ने किसानों से गड़बड़ी की है तो संघ उनका बचाव नहीं करेगी।






