पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाइन पद्म पुरस्कार पोर्टल पर प्राप्त की जाएंगी। बता दें पुरस्कारों का एलान अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर किया जाएगा। गौरतलब है कि पद्म पुरस्कारों के लिए नॉमिनेशन की प्रक्रिया 1 मई 2020 से शुरू हो गई थी।
बता दें कि पदम पुरस्कारों की सिफारिशें राज्य सरकारों/ राज्य प्रशासनों, केन्द्रीय मंत्रालयों/विभागों, उत्कृष्टता संस्थानों आदि से प्राप्त की जाती हैं, जिन पर पुरस्कार समिति द्वारा विचार किया जाता है। पुरस्कार समिति की सिफारिश के आधार पर और प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रपति के अनुमोदन के बाद गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन पदम सम्मानों का एलान किया जाता है।
गौरतलब है कि इस वर्ष पद्म पुरस्कार के लिए 141 नाम घोषित हुए थे। जिनमें चार पुरस्कार दो-दो लोगों को संयुक्त रूप से दिए जाने की घोषणा की गई थी। इस पुरस्कार की लिस्ट में सात नाम पद्मविभूषण के लिए, 16 पद्म भूषण के लिए और 118 पद्मश्री के लिए था।
मालूम हो कि 26 जनवरी 2020 को पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और जार्ज फर्नाडीज के साथ-साथ मशहूर ओलंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया था।
