Death News: जाने-माने आर्य समाजी नेता स्वामी अग्निवेश ने आज यानी 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बायिलरी साइंसेज में अंतिम सांस ली। वह लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण मंगलवार से ही वेंटिलेटर पर थे। शुक्रवार 11 सितंबर को उनकी हालत बिगड़ गई। शाम 6:00 बजे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आ गया। उनकी जान बचानी की बहुत कोशिश की लेकिन शाम 6:30 बजे उनका निधन हो गया।समाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने वाले स्वामी अग्निवेश ने 1970 में आर्य सभा नाम की राजनीतिक पार्टी बनाई थी। 1977 में वह हरियाणा विधासनभा में विधायक चुने गए। वह हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री भी रहे। 1981 में उन्होंने बंधुआ मुक्ति मोर्चा नाम के संगठन की स्थापना भी की।स्वामी अग्निवेश ने कन्या भ्रूण हत्या और महिलाओं की मुक्ति जैसे कई समाज सुधार आंदोलन भी चलाए हैं। वे जन लोकपाल विधेयक को लागू करने के लिए 2011 में अन्ना हजारे के आंदोलन के प्रमुख सहयोगी भी रहे थे। हालांकि, बाद में मतभेदों के चलते वह इस आंदोलन से दूर हो गए थे। स्वामी अग्निवेश ने रियलिटी शो बिग बॉस में भी हिस्सा लिया था।बंधुआ मुक्ति मोर्चा के पूर्व महासचिव और सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के सचिव विट्ठल राव आर्य ने बताया, ‘ILBS के निदेशक डॉ. शिव सरीन ने शाम 6.30 बजे कहा कि हमारे सबसे प्रिय और सबसे अच्छे दोस्त अब नहीं रहे। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अंतिम श्रद्धांजलि के लिए जंतर-मंतर रोड स्थित कार्यालय में रखा जाएगा। हम अपने सभी मित्रों से अनुरोध करते हैं कि कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए अपनी अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करें। उनका अंतिम संस्कार 12 सितंबर को शाम 4 बजे गुरुग्राम के अग्निलोक आश्रम, बहलपा में होगा।
