कोरोना से जीतने के लिए सबका सहयोग और योगदान जरूरी, कोविड-19 के मरीजों की नि:शुल्क सेवा कार्य की सराहना की
राजनांदगांव 09 सितम्बर। स्वास्थ्य मंत्रालय भारत शासन से आए टीम के डिप्टी डायरेक्टर एनसीडीपी नई दिल्ली के डॉ. अनुभव श्रीवास्तव, आईसीएमआर नई दिल्ली के डॉ. अभिनव, सफदरजंग हॉस्पिटल नई दिल्ली की प्रोफेसर डॉ. गीता यादव एवं स्वास्थ्य संचालनालय रायपुर के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. नेतराम बेक ने आज उदयाचल एवं श्री शांति विजय सेवा समिति नि:शुल्क कोविड-19 केयर सेन्टर का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने कहा कि कोरोना की लड़ाई किसी एक की लड़ाई नहीं है इस महामारी से जीतने के लिए सभी का सहयोग और योगदान जरूरी है। उन्होंने संस्थान द्वारा कोविड-19 के मरीजों की नि:शुल्क सेवा के नेक कार्य की सराहना की। सदस्यों ने कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट डिस्पोज करते समय सावधानी बरते ताकि लोगों में न फैले। कोविड-19 के इलाज के लिए जारी दिशा-निर्देश के अनुरूप कार्य करें। कोविड-19 के मरीजों की निरंतर मॉनिटरिंग करते रहे।
उदयाचल के सदस्य भावेश बैद ने बताया कि कोविड-19 के मरीजों की मॉनिटरिंग करने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है और माइक के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की निरंतर जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि 87 बेड के इस सेन्टर के सभी कक्ष में एसी उपलब्ध है और मरीजों के इलाज तथा नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। कक्ष में टीवी की व्यवस्था भी की गई है। सेन्टर को निरंतर सेनेटाईज किया जा रहा है। ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, बीपी मशीन, स्टीमर एवं गरम पानी की व्यवस्था की गई है। मरीजों को वेपोराइजर मशीन एवं थर्मामीटर नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। संस्थान के किचन में ही भोजन बनाने की व्यवस्था की गई है। हर बेड के साथ में मेडिकल चार्ट एवं दवाईयों की किट रहेगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल चार्ट में मरीज स्वयं अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भरेंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, डीपीएम गिरीश कुर्रे एवं संस्थान के सदस्य उपस्थित थे।
