राजनांदगांव तीन जिले के 330 गांवों में मोंगरा समूह जल प्रदाय योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। 413 करोड़ रुपए खर्च कर करीब 896 किमी लंबी पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है। इस योजना में उन गांवों को फोकस किया गया है जो ड्राई एरिया में आते हैं। उम्मीद की जा रही है कि दो साल में इस योजना को मूर्त रूप दिया जा सकेगा। मोंगरा बैराज के पास इंटकवेल और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत ही पीएचई के द्वारा इस योजना की शुरुआत की गई है। डोंगरगांव क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है। इस योजना से 70 हजार घरों को पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस योजना से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव और खैरागढ़ जिले के गांवों को कवर किया जा रहा है। मोंगरा बैराज की कुल क्षमता 32 मिलियन क्यूबिक मीटर है, जिसमें से 5 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी इसके लिए उपयोग किया जाएगा। पीएचई के अफसरों की मानें तो इसके लिए एग्रीमेंट और भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। मोंगरा बैराज से पाइपलाइन के माध्यम से ड्राई एरिया के इन गांवों में टंकी के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा।
बताया गया कि राजनांदगांव अविभाजित जिले के 1595 गांवों में जल जीवन मिशन अंतर्गत 15 हजार करोड़ के काम चल रहे हैं। मोंगरा समूह जलप्रदाय योजना के तहत 413 करोड़ की लागत से 330 ग्रामों में अतिरिक्त जल आपूर्ति के लिए काम चल रहा है। पाइपलाइन की कुल लंबाई 8,96,958 मीटर यानी लगभग 896 किमी लंबी पाईप लाईन बिछाई जा रही है। यही नहीं इसके लिए 385 पानी टंकियों का भी निर्माण होगा। 17 बड़ी टंकियां बनाई जाएंगी। गुरुत्वाकर्षण (एयर प्रेशर पंप) के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा।
