रायपुर, 4 सितंबर। छत्तीसगढ़ में एक बड़े और प्रमुख कारोबारी डॉ. बृजमोहन शर्मा का आज निधन हो गया। वह लम्बे समय से कई प्रकार की गंभीर बीमारियों से लड़ते हुए हौसले से कामकाज पर आते थे। वे देश के कई बड़े चिकित्सा केन्द्रों में तरह-तरह के ऑपरेशन से भी गुजरे थे। बृहमोहन पिछले तीन-चार दिनों से बीमार थे उन्हें इलाज के लिए रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराए गए थे, जहां हार्ट अटैक से आज उनकी मौत हो गई.

डॉ. बृजमोहन शर्मा कई दशक से आयुर्वेदिक दवाईयों के निर्माण से जुड़े हुए थे, बाद में उनके विशाल संयुक्त परिवार में कई दूसरे तरह के काम शुरू किए जिनमें सन एंड सन ज्वेलर्स, कॉलोनियां विकसित करना, एक बड़ा स्कूल चलाना, ऐसे कई प्रमुख कारोबार की वे मुखिया थे। शहर की सामाजिक गतिविधियों में वे लगातार सक्रिय रहते थे, और हाल के बरसों तक वे सभी प्रमुख कार्यक्रमों में आना-जाना करते थे। वे शहर के एक सबसे संपन्न कारोबारी रहते हुए भी बहुत सादगी का निजी जीवन जीते थे, और घर से अपनी दुकान तक रिक्शे में आना-जाना करते थे, उन्हें शहर में डॉ. बिरजू शर्मा नाम से ही याद किया जाता था।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि का ट्वीट किया है, और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
गृहमंत्री साहू ने ट्वीट कर कहा कि प्रसिद्ध उद्योगपति व शर्मा इंडस्ट्रीज और सन एंड सन ग्रुप के आधार स्तम्भों में से एक बृजमोहन शर्मा के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर दिवांगत आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करें. ॐ शांति.
