रायपुर – छत्तीसगढ़ के रायपुर में कोरोनाकाल में लूट की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस इसे दबाने में लग गई है। केनाल रोड पर मोपेड सवार दो बदमाशों ने बुधवार तड़के एक न्यूज पेपर वितरक से मारपीट कर उसका मोबाइल लूट लिया। युवक जब रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा तो उसे मोबाइल खो जाने की शिकायत पुलिस ने देने के लिए कहा। घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है।जानकारी के मुताबिक, लालपुर निवासी तुलेश्वर साहू अखबार वितरण का काम करता है। रोज की तरह वह बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे अखबार बांटने के लिए निकला था। अभी वह केनाल रोड पर पहुंचा ही था तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और चाकू दिखाकर मोबाइल मांगने लगे। तुलेश्वर ने विरोध किया तो मारपीट कर छीन ले गए।
इसके बाद तुलेश्वर मामला दर्ज कराने के लिए राजेंद्र नगर थाने में पहुंचा। आरोप है कि वह पुलिसकर्मियों ने उससे कहा कि लूट की जगह मोबाइल गुम हो जाने की शिकायत लिखकर दे दे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में रात तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मोबाइल स्विच ऑफ है।
रायपुर में लूट और छिनैती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। नवा रायपुर में 4 दिन पहले एक सिविल इंजीनियर से लूटपाट हुई थी। बाइक सवार युवकों ने इंजीनियर का मोबाइल और बाइक लूट लिया था। इस मामले में अब तक पुलिस को लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं, इंजीनियर की बाइक का भी पता नहीं चल सका है।
