कोरोना संक्रमित मरीज के प्रायमरी कान्टेक्ट को सैम्पल देना होगा – कलेक्टरकोरोना के मरीजों की मृत्यु के बाद अंत्येष्टि के लिए प्रोटोकॉल का पालन करने के दिए निर्देश राजनांदगांव 26 अगस्त 2020कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कोविड-19 के मद्देनजर पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना के मरीजों की बढ़ती हुई संख्या चिन्ताजनक है। नगर निगम क्षेत्र राजनांदगांव से भी निरंतर कोरोना पॉजिटिव मरीज की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सैम्पल भी लिए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमित मरीज के प्रायमरी कान्टेक्ट को सैम्पल देना ही होगा, चाहे उसमें कोरोना के लक्षण हो या न हो। उन्होंने कहा कि सैम्पल लेने के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ सोशल मीडिया में प्रचारित भ्रामक अफवाह दुर्भाग्यजनक है। कोविड-19 की महामारी की रोकथाम के लिए पूरा स्वास्थ्य अमला समर्पित होकर कार्य कर रहा है। इस महामारी को फैलने से रोकना है और इसके लिए सभी को कोविड-19 के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन जरूर करना चाहिए।कलेक्टर ने डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. रेणुका गहिने से मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री में कोविड-19 के मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। डॉ. गहिने ने बताया कि हॉस्पिटल में भोजन की गुणवत्ता अच्छी है। भोजन वितरण में दो घंटे का समय लग जाता है। कलेक्टर ने उन्हें कोविड-19 हॉस्पिटल में बाहर के भोजन को अनुमति नहीं देने निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कोविड-19 के दौरान कोरोना वारियर्स की सेवाएं देश की सेवा के समान है। ऐसी महत्वपूर्ण सेवा के लिए सेवाभावी वॉलिंटियर्स की मदद भी लें। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल में उपलब्ध संसाधनों का हरसंभव उपयोग करें और यहां मानव संसाधन बढ़ाने की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार के मरीज होते हैं इसके लिए मेडिकल स्टोर्स से भी जानकारी प्राप्त करें।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 592 हो गई है। मेडिकल कॉलेज में 250 मरीजों को रखा गया है वहीं अन्य स्थानों में 140 मरीजों को रखा गया है। कलेक्टर ने कहा कि कोविड-19 से संक्रमित मरीज की मृत्यु के बाद उनके अंत्येष्टि के लिए प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
