बिलासपुर में एक सरकारी कर्मचारी को गाली-गलौज कर धमकी देने वाले प्रथम हॉस्पिटल के संचालक और भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी है। कलेक्टर के निर्देश पर CMHO ने अस्पताल संचालक डॉ. रजनीश पांडेय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दरअसल, यहां इलाज कराने वाले कर्मचारी का बिल बनाने के एवज में स्टाफ ने पैसों की मांग की। कर्मचारी के पैसे देने से मना किया तो डॉक्टर ने धमकाते हुए उसके साथ दुर्व्यवहार भी किया। चांटीडीह के रपटा चौक निवासी कोमल प्रसाद देवांगन छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी में कार्यरत हैं।
उन्होंने कलेक्टर से शिकायत कर बताया कि करीब एक माह पहले उनकी तबीयत खराब थी, जिस पर उन्होंने प्रथम हास्पिटल में इलाज कराया था।इस दौरान वो अस्पताल में भर्ती थे। प्रथम हॉस्पिटल और विद्युत वितरण कंपनी के बीच हुए अनुबंध के तहत कर्मचारी को बिल बनाकर विभाग में प्रस्तुत करना था। इसके लिए उन्होंने डॉक्टर से संपर्क किया, तब बिल बनाने के एवज में अलग से ओपीडी चार्ज की मांग की गई। कोमल ने पैसे देने से मना किया, तब डॉक्टर ने गाली गलौज करते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया। CMHO डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी ने प्रथम हॉस्पिटल के संचालक के खिलाफ शिकायत की। इसमें अस्पताल में इलाज कराने वाले कर्मचारी ने गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऑडियो रिकार्डिंग भी दिया है, जिसकी जांच के लिए अस्पताल संचालक डॉ. रजनीश पांडेय को नोटिस जारी किया गया है। दोनों पक्षों का बयान लेने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
