पुराने विवाद पर घर में घुसकर मारपीट व चाकू से हमला करने वाले चार आरोपियों को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना शनिवार रात की है।
बसंतपुर टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि सृष्टि कॉलोनी अटल आवास में रहने वाला 25 वर्षीय अमित शर्मा रात में खाना खाकर अपने घर में सो रहा था। तभी अटल आवास में ही रहने वाले आरोपी अजय यादव, तरुण रजक, हेमंत देवांगन और आकाश देवांगन उर्फ छोटू पुराने विवाद को लेकर उसके घर में दाखिल हो गए।
पहले उससे जमकर गाली गलौज की फिर मारपीट करते हुए धारदार चाकू से उस पर जानलेवा वार कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। बसंतपुर पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम धरपकड़ के लिए रवाना की गई। कुछ घंटों में पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है।







