जल्द ही राजनांदगांव का रेलवे स्टेशन नए स्वरूप में दिखाई देगा। शहर में ट्रैक की दक्षिण दिशा में नया प्लेटफार्म और उत्तर दिशा में नया भवन बनाने में 25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मार्च के अंत तक यहां का माल गोदाम ग्राम पंचायत पार्रीनाला में बनकर तैयार माल गोदाम में शिफ्ट किया। अप्रैल माह से रेलवे स्टेशन में शहर की तरफ चौथी रेल लाइन के मुताबिक प्लेट फार्म और स्टेशन भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा।
इधर स्टेशन पारा की दिशा में रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदलने तेजी से रिनोवेशन चल रहा है जिसमें करीब 11 करोड़ खर्च होंगे। जिसमें डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन का भी कुछ काम शामिल है। रेल यात्रियों को यहां विभिन्न प्रकार की सुविधाएं भी मिलेंगी। रेलवे के अफसर एके मौर्य ने बताया कि दो चरणों में काम होगा। वाहनों के लिए एक विशाल नई पार्किंग और चौडी रोड बनेगी। बड़ा वेटिंग हॉल बनेगा। यहां तीसरी सीढ़ी का काम लगभग पूरा हो चुका है और चौथी सीढ़ी बनाने की योजना तैयार की जा रही है। रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तरह लुक दिया जा रहा है। शहर की तरफ सेकंड फेस में अप्रैल माह से चौथी रेल बिछाने के मुताबिक काम शुरू किया जाएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यह निर्माण हो रहा है। खपरीकला, धनगांव, आलीवारा, मुसरा, अछोली, चिद्दो, मुढीपार-बघेरा में कहीं अंडरब्रिज तो कहीं ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे द्वारा किया जा रहा है जो दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।
दोनों तरफ एस्कलेटर लगाने की भी तैयारी शहर की तरफ बनने वाले प्लेटफार्म और स्टेशन भवन में विशाल वेटिंग हॉल, कुर्सियां, प्रकाश एवं पेयजल का इंतजाम होगा। पूछताछ काउंटर, डिस्प्ले बोर्ड, एनाउंसमेंट काउंटर, शयन कक्ष, सुलभ शौचालय, मनोरंजन के लिए बुक स्टॉल, कैटिंन की सुविधा होगी। रेलवे स्टेशन में एक और नई चौथी सीढ़ी और उसी सीढ़ी से लग कर प्रथम तल में एक कैफे बनाने की तैयारी है। यहां कैंटीन की सुविधा के साथ यात्री अपनी ट्रेनों का इंतजार करेंगे। इसके अलावा यात्रियों के मनोरंजन की सुविधा भी नए प्लेटफार्म में दी जाएगी। एक और नया एस्कलेटर भी लगेगा।
ग्राम पार्रीकला में रेलवे 1100 मीटर लंबी और शोल्डर मिला कर 42 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण कर रहा है। यह काम मार्च में पूरा हो जाएगा। इसके बाद माल गोदाम को यहां शिफ्ट करने की तैयारी है। पहले यहां बनने वाली सड़क को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज की थी। लेकिन ग्रामीणों, प्रशासनिक अफसरों और रेलवे के अफसरों के बीच हुई बैठक के बाद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण पर सहमति दी। कलेक्टर से एनओसी मिलने के बाद रेलवे ने यहां सीसी सड़क निर्माण का काम शुरू किया जो मार्च में पूरा हो जाएगा इसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।







