कोरबा । कटघोरा में पदस्थ रहे कृषि मंडी अधिकारी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर आरोपी अधिकारी राहुल साहू को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि राहुल साहू, जो उस समय कृषि मंडी कटघोरा में पदस्थ था, ने उससे दोस्ती की और शादी का वादा कर करीब एक वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाए। महिला के अनुसार वह लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा और इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी। लेकिन अचानक उसने फोन बंद कर संपर्क तोड़ दिया। बाद में संपर्क होने पर उसने शादी से इनकार करते हुए धमकी भी दी।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने मामला दर्ज कर एसआई राजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। जांच में राहुल साहू के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में पदस्थ होने की जानकारी मिली। पुलिस ने वहां से उसे गिरफ्तार कर कटघोरा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।





