– कलेक्टर ने किया आंगनबाड़ी केन्द्र का अवलोकन
– योजना का लाभ लेने महिलाओं में दिख रहा उत्साह
राजनांदगांव 05 फरवरी 2024। राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना महतारी वंदन योजना का लाभ प्रदेश की महिलाओं को दिलाने के उद्देश्य से आज प्रदेश के साथ-साथ राजनांदगांव जिले में भी आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आवेदन पत्र भरने का काम बड़ी तेजी से किया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में आवेदन पत्र जमा करने एवं भरने वाले स्थानों ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, परियोजना कार्यालय तथा विशेष कैम्प में पहुंच रही हैं और अपने आवेदन पत्र जमा कर रही हैं। इसके अलावा पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाईन आवेदन पत्र भरे जा रहे हैं। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज यहां शंकरपुर वार्ड नंबर 9 स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर आवेदन पत्र भरे जाने की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया और वहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, इस कार्य में संलग्र संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अवलोकन के दौरान उपस्थित महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना शासन की महती योजना है और महिलाओं के सशक्तिकरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पात्र महिला हितग्राही आगे आकर आवेदन पत्र लेकर भरना सुनिश्चित करें और इस योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से पूछा कि इस योजना के तहत प्राप्त राशि का वे किस रूप में उपयोग करेंगी, इस पर महिलाओं ने कहा कि इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य, उनकी शिक्षा, स्वयं के स्वास्थ्य सहित अन्य घरेलू कार्यों में उपयोग में लाएंगी। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती गुरप्रीत कौर, नगर निगम के अधिकारी श्री मोबिन अली सहित अन्य अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका, हितग्राही महिलाएं उपस्थित थी।
इस अवसर पर आवेदन पत्र भरने एवं जमा करने पहुंची महिलाओं के चेहरे पर खुशियां झलक रही थी। आवेदन पत्र लेने के साथ महिलाएं फार्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज के संबंध में भी जानकारी ले रही थीं। बातचीत करने पर शंकरपुर निवासी श्रीमती छाया नंदनवार ने बताया कि उन्होंने महतारी वंदन योजना का फार्म जमा कर दिया है। इस योजना से हर माह 1000 रूपए मिलने पर यह राशि बच्चों की पढ़ाई एवं स्वास्थ्य के लिए उपयोग करेंगी। इसी तरह श्रीमती मनीषा खोब्रागढ़े ने बताया कि आज उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन किया है। इस योजना से प्राप्त राशि का उपयोग पारिवारिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई एवं उनके स्वास्थ्य के लिए करेंगी। इसी तरह श्रीमती रजनी यादव, श्रीमती मनीषा सिन्हा, श्रीमती बिंदिया यदु, श्रीमती पूनम वर्मा, श्रीमती रेशमी कदम, श्रीमती रत्ना यादव, श्रीमती टोमीन साहू ने भी आवेदन पत्र जमा किए। सभी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को महतारी वंदन योजना के लिए धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की जाएगी। योजनांतर्गत पात्र महिला को प्रतिमाह 1000 रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। योजनांतर्गत आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 हैं। अनन्तिम सूची 21 फरवरी 2024 को जारी की जाएगी। अनन्तिम सूची पर आपत्ति 21 से 25 फरवरी 2024 तक की जा सकती है। आपत्ति का निराकरण 26 से 29 फरवरी 2024 तक किया जाएगा। अंतिम सूची का प्रकाशन 1 मार्च 2024 को होगा एवं स्वीकृति पत्र 5 मार्च 2024 को जारी होगा तथा पात्र महिला हितग्राही को राशि का अंतरण 8 मार्च 2024 को किया जाएगा।

क्रमांक 13- शुक्ल ————–
महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी
– पात्र महिला को प्रतिमाह 1000 रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा
– विवाहित होने की पुष्टि के संबंध में कोई भी दस्तावेज उपलब्ध न हो तो विवाहित महिला द्वारा स्वघोषणा शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा अनिवार्य
– महिला हितग्राही के पास मोबाईल नंबर नहीं होने पर राशन कार्ड की छायाप्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य
राजनांदगांव 05 फरवरी 2024। राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में आर्थिक स्वावलंबन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार, परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना के तहत जिले में पात्र महिला हितग्राहियों से फार्म जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन पत्र भरने की संपूर्ण प्रक्रिया नि:शुल्क है। आंगनबाड़ी केन्द्र, ग्राम पंचायत सचिव, बाल विकास परियोजना कार्यालय, नगरीय क्षेत्रों में वार्ड कार्यालय में फार्म भरे जा रहे हैं। पात्र आवेदक स्वयं पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। योजनांतर्गत आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 हैं। अनन्तिम सूची 21 फरवरी 2024 को जारी की जाएगी। अनन्तिम सूची पर आपत्ति 21 से 25 फरवरी 2024 तक की जा सकती है। आपत्ति का निराकरण 26 से 29 फरवरी 2024 तक किया जाएगा। अंतिम सूची का प्रकाशन 1 मार्च 2024 को होगा एवं स्वीकृति पत्र 5 मार्च 2024 को जारी होगा तथा पात्र महिला हितग्राही को राशि का अंतरण 8 मार्च 2024 को किया जाएगा।
महतारी वंदन योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ की स्थानीय निवासी महिला पात्र है। आवेदक के कैलेण्डर वर्ष अर्थात जिस वर्ष आवेदन किया जा रहा है, उस वर्ष की 1 जनवरी को विवाहित महिला की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होना चाहिए। विधवा, तकालशुदा, परित्यक्ता महिला भी योजना के पात्र होंगी। हितग्राही पात्र महिला को प्रतिमाह 1000 रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। सामाजिक सहायता कार्यक्रम, विभिन्न पेंशन योजनाओं से पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओंं को 1000 रूपए से कम पेंशन राशि प्राप्त होने से शेष अंतर राशि का भुगतान किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिला आवेदक को स्वसत्यापित स्वयं की पासपोर्ट साईज फोटो, स्थानीय निवासी के संबंध में निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दस्तावेज, स्वयं का एवं पति का आधार कार्ड, यदि हो तो स्वयं का एवं पति का पैन कार्ड, विवाह का प्रमाण पत्र या ग्राम पंचायत व स्थानीय निकायों द्वारा जारी किया गया प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि विवाहित होने की पुष्टि के संबंध में कोई भी दस्तावेज उपलब्ध न हो तो विवाहित महिला द्वारा स्वघोषणा शपथ पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है

विधवा होने की स्थिति में पति की मृत्यु का प्रमाण पत्र, परित्यक्ता होने की स्थिति में समाज द्वारा जारी, वार्ड या ग्राम पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र कक्षा 10वीं या 12वीं की अंकसूची या स्थानांतरण प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस, पात्र हितग्राही का बैंक खाते का विवरण एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति, स्वघोषणा पत्र या शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि महिला हितग्राही के पास मोबाईल नंबर नहीं है, तो इसके स्थान पर हितग्राही द्वारा राशन कार्ड की छायाप्रति आवेदन पत्र के साथ अनिवार्यत: प्रस्तुत किया जाना होगा। महतारी वंदन योजनांतर्गत जिनके परिवार का कोई भी सदस्य आयकरदाता हो, जिनके परिवार का कोई भी सदस्य भारत सरकार अथवा राज्य सरकार के शासकीय विभाग, उपक्रम, मण्डल, स्थानीय निकास में स्थायी, अस्थायी या संविदा पदों पर कार्यरत प्रथम वर्ग, द्वितीय वर्ग एवं तृतीय वर्ग के अधिकारी या कर्मचारी हो, जिनके परिवार का कोई भी सदस्य वर्तमान या भूतपूर्व सांसद या विधायक हो, जिनके परिवार का कोई सदस्य भारत सरकार अथवा राज्य सरकार के बोर्ड, निगम या मण्डल में वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष हो। महतारी वंदन योजना के संबंध में अन्य जानकारी हेल्प लाईन नंबर 07744-220405 से प्राप्त की जा सकती है।
क्रमांक 14- उषा किरण ————–
80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 का समापन समारोह 7 फरवरी को
राजनांदगांव 05 फरवरी 2024। 80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 का समापन समारोह बुधवार 7 फरवरी 2024 को अपरान्ह 3 बजे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम गौरव पथ राजनांदगांव में आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंकराम वर्मा करेंगे। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, समाज सेवी श्री सुरेश एच लाल, रानी सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री संतोष अग्रवाल, रानी सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री रमेश पटेल, समाज सेवी श्री राजेश गोलछा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्री दिनेश गांधी, पूर्व महापौर श्री नरेश डाकलिया, पूर्व विधायक डोंगरगढ़ श्री विनोद खाण्डेकर, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम श्री किशुन यदि, पूर्व महापौर श्री अजीत जैन, समाज सेवी श्री तरूण लहरवानी, समाज सेवी श्री हर्ष रामटेके, पूर्व ओलम्पियन श्रीमती रेणुका यादव एवं पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री मृणाल चौबे उपस्थित रहेंगे।

