जशपुरनगर। जिले में कोरोना संकट लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार और बुधवार को जिले से 26 संक्रमितों की पुष्टि एंटीजन रैपिट टेस्ट कीट और आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में हुई है। संक्रमित होने वालों में पत्थलगांव के एक व्यवसायी परिवार के तेरह सदस्य,सीआरपीएफ का एक जवान और जिला मुख्यालय जशपुर के शहरी क्षेत्र के तीन पीड़ित शामिल है। पत्थलगांव को एक बार फिर कलेक्टर महादेव कावरे ने सात दिनों के लिए कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए मिडिया बुलेटिन के मुताबिक जिले में मंगलवार की देर रात 21 और बुधवार को 5 पीड़ितों की पहचान की गई है। इन मरीजों में पत्थलगांव निवासी प्लास्टिक व्यवसायी के परिवार के 13 सदस्य शामिल है। सीएमएचओ डॉ पी सुथार ने नईदुनिया को बताया कि व्यवसायी और उसके परिवार के सदस्य व्यवसाय के सिलसिले में बाहर आते जाते रहते थे। आशंका है कि इसी दौरान परिवार का कोई सदस्य संक्रमण की चपेट में आया होगा और इसके बाद पूरा परिवार।
उन्होने बताया कि परिवार का प्राइमरी और सेकेण्डरी कांटेक्ट हिस्ट्री खंगाला जा रहा है। इसमें जो भी जानकारी आएगी,उसके आधार पर जांच की व्यवस्था की जाएगी। इधर,कुनकुरी तहसील में एक कपड़ा व्यवसायी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद एसडीएम रवि राही ने नगरीय क्षेत्र के सभी व्यवसायी का कोरोना जांच कराने की व्यवस्था की है।
जिला मुख्यालय में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि बुधवार को आए रिपोर्ट में शहर के बनियाटोली से एक और करबला रोड से दो संक्रमित मरीजों की पहचान की गई है। सर्विलेंस अधिकारी डॉ आरएस पैंकरा ने बताया कि सभी पीड़ितों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय के कोविड वार्ड में भर्ती कराए जाने की व्यवस्था की जा रही है। विदित हो कि शहर में कोरोना का सबसे अधिक कहर बनिया टोली मुहल्ले में भी बरपा है। इस मुहल्ले से अब तक 11 मरीजों की पुष्टि जांच में हो चुकी है।
यहां मिले संक्रमित मरीज
पत्थलगांव विकास खंड के शहरी क्षेत्र में 13,चिड़रापारा में 4,कांसाबेल तहसील में क्वारंटाइन सेंटर से 2,दोकड़ा से 1,बगीचा विकासखंड के कुरूमकेला से 1,जशपुर विकासखंड के शहरी क्षेत्र से 4- इनमें करबला रोड से 2,बनियाटोली से 1 और सीआरपीएफ से 1 संक्रमित शामिल है।
जिले का कोरोना मीटर
आज के संक्रमित – 26
कुल संक्रमित – 354
एक्टिव केस – 83
डिस्चार्ज – 271
