शासन की महत्वकांक्षी योजनाओं के बारे में दी गई जानकारी
राजनांदगांव 19 अगस्त। जिले के छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरापानी में 17 अगस्त 2020 को आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत वित्तीय साक्षरता कैम्प का आयोजन किया गया। लीड बैंक अधिकारी श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में ग्रामीणजनों से विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने जनधन खाता, अटल पेंशन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, जीवन सुरक्षा बीमा योजना से जुडऩे का लाभ कैम्प में उपस्थित ग्रामीणजनों एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं को बताया।
उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार बैंक संबंधी कार्य जैसे खाता खुलवाना, पैसो का लेन-देन, आधार कार्ड में सुधार आदि निकटतम लोकसेवा केंद्र व बीसी चैनल के माध्यम से आसानी से किया जा सकता है, जिससे समय व पैसों की बचत होगी। जिला पंचायत एपीओ एनआरएलएम श्री सहारे ने बताया कि बिहान स्वसहायता समूह की महिलाएं छोटी-छोटी बचत कर एवं शासन की योजनाओं से जुड़कर आजीविका गतिविधि से स्वावलंबी हो रही है। श्री सहारे द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भरता, शिक्षा, स्वच्छता जैसे विषयों पर भी प्रोत्साहित किया गया।जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री वैभव जैन ने वित्तीय साक्षरता के महत्व को बताया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक व छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के मैनेजर सहित जनपद पंचायत छुरिया के बिहान योजना अंतर्गत पदस्थ विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक श्री धनंजय गंजीर, ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, ग्रामीणजन व महिला स्वसहायता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।
