छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बस्तर संभागीय प्रभारी प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपुर विधायक एवं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के ऊपर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर विधायक को वनों से इतना ही लगाव है तो हसदेव में काटे जा रहे वनों की कटाई पर रोक लगाएं, जिससे जंगल को बचाया जा सके।
पिछले दिनों विधायक किरण देव ने वन संरक्षक एवं वनोपज आधारित आजीविका संवर्धन के लिए संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के एक दिवसीय कार्यशाला के आयोजन को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि मनुष्य के जीवन में वनों का विशेष महत्व है। हमें वनों की रक्षा करना चाहिए, लेकिन आज कोल माइनिंग के नाम पर छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार के ही संरक्षण में हसदेव के लाखों वनों को काटा जा रहा है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मुकदर्शक बने बैठे हैं।
एक तरफ हसदेव वनों की रक्षा करने के लिए आगे आने वालों को नजरबंद कर वनों की कटाई की जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वनों की रक्षा करने के लिए लोगों को प्रेरित कर क्या खुद की सरकार के खिलाफ अप्रत्यक्ष रूप से मोर्चा खोल रहे हैं। जबकि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है। वे खुद आज छत्तीसगढ़ भाजपा के नेतृत्व कर्ता हैं।
जावेद ने कहा है कि यदि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जगदलपुर विधायक किरण देव की कथनी और करनी में अंतर नहीं है और वे सच में प्रकृति प्रेमी हैं तो उन्हें तत्काल प्रदेश की जनता की जनभावनाओं, आदिवासियों के जल-जंगल और जमीन के हित को ध्यान में रखें। आदिवासियों के हसदेव वनों के लिए लगातार किये जा रहे संघर्ष को देखते हुए हसदेव के वनों की कटाई पर रोक लगवाने की पहल करनी चाहिए।
