रायपुर- शहर में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चेकिंग बढ़ा दी गई है। हर चौक-चौराहे पर वाहनों की तलाशी शुक्रवार शाम से ही शुरू हो चुकी थी। बीती रात इसी तरह तलाशी के दौरान एक गाड़ी से पुलिस ने 85 लाख रुपए बरामद किए। यह कार टैगोरनगर इलाके से गुजर रही थी तब ही पुलिस ने इसे रोका। गाड़ी में बैठे दो लोगों को थाने लाया गया । पूछताछ में दोनों ने खुद को कुम्हारी टोल प्लाजा का कर्मचारी बताया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इन रुपयों को छोड़ने के लिए पुलिस के पास कई रसूखदारों के फोन आ रहे थे।सिविल लाइंस पुलिस की ने यह रुपए बरामद किए थे। गश्त पर निकली टीम को कार के अंदर कुछ संदिग्ध लगा लिहाजा टीम ने गाड़ी को घेरा और कार में बैठे युवकों से पूछताछ की। गाड़ी में पिछली सीट पर दो बड़े थैले दिखे। इनमें क्या है पूछने पर युवकों ने गोल-मोल जवाब दिए। जब टीम ने थैलों की जांच की तो इनमें रुपए भरे हुए थे। रकम बड़ी थी इसलिए फौरन युवकों को थाना लाया गया। टोल प्लाजा के रुपए होने के दावे की वजह से पुलिस ने ठेकेदार को थाने बुलाया। कुछ देर पूछताछ की और इन्हें छोड़ दिया गया। रुपयों के बारे में आयकर विभाग को भी कोई जानकारी नहीं दी गई।
