22 जनवरी को अयोध्या के भव्य मंदिर में होने वाले रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव में भी उल्लास का माहौल है। हर घर में दीपावली मनाए जाने का आग्रह किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बीजेपी दक्षिण मंडल व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक जैनम बैद और उनकी टीम शहर की दीनदयाल कॉलोनी, आशा नगर, लखोली सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिट्टी के दीए, तेल, बाती और मिठाई के बॉक्स का वितरण कर रही है। युवकों ने सभी से 22 जनवरी को दीप जलाकर पटाखे फोड़ने का आग्रह किया है।

मिट्टी के दीए, तेल, बाती और मिठाई के बॉक्स का किया गया वितरण।
युवाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़वासियों को दी गई गारंटियों में से एक और गारंटी को पूरा करते हुए प्रदेश में श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना शुरू करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है।इधर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेशवासियों को श्री रामलला के दर्शन कराने के लिए अयोध्या ले जाने की घोषणा की है। इसके लिए श्री रामलला दर्शन योजना शुरू की जा रही है।
युवाओं ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में सालों तक श्री रामलला तम्बू में विराजमान रहे, लेकिन बीजेपी सरकार में भव्य मंदिर में उनकी प्राण-प्रतिष्ठा की जा रही है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस पुण्य अवसर का साक्षी बनने का अवसर मिला।
