बिलासपुर अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा। पूरे देश में इस दिन त्योहार मनेगा। इसके लिए शहर में भी व्यापक तैयारी की जा रही है। इसी तैयारी के तहत अब स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए स्मार्ट एलईडी डिस्प्ले बोर्ड में भी राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण किया जाएगा। ऐसे में शहरवासी इन बड़े एलईडी में रामलला के दर्शन करते हुए मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा का महा आयोजन देखेंगे।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के अग्रसेन चौक, नेहरू चौक, इंदु उद्यान चौक, रिवर व्यू, गोलबाजार चौक, राजीव गांधी चौक, महामाया चौक सरकंडा, सिम्स चौक, रेलवे स्टेशन के साथ कुछ अन्य चौक-चौराहों पर स्मार्ट एलईडी डिस्प्ले लगाया गया है। इसका उपयोग सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, मौसम का हाल के साथ अन्य प्रमुख गतिविधियों की जानकारी देने के लिए किया जाता है। यह डिस्प्ले बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
