नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने अभियान चलाया। ममता नगर, भदौरिया सहित आसपास के इलाकों से अवैध ठेले-खोमचे हटाए गए। इस दौरान कुछ जगह विवाद की भी स्थिति बनी। निगम का तोडूदस्ता शुक्रवार सुबह से ममता नगर रोड में पहुंचा। इस हिस्से में लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायत थी।
ठेले खोमचों और सड़क पर कब्जे की वजह से जाम की स्थिति भी बनती रहती है। जिसकी पूर्व में शिकायत हो चुकी थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी थी। शुक्रवार को निगम के अमले ने इस हिस्से में पहुंचकर दुकानों को हटाया। सड़क पर कब्जा करने वालों पर निगम ने सख्ती से कार्रवाई की। सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से बिना अनुमति लगी दुकानों को भी हटाया गया। निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्से से अतिक्रमण हटाने के लिए टीम बनाई गई है, जो सभी हिस्सों को चिन्हित कर रही है। जहां भी अतिक्रमण की शिकायत है, वहां आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रसूखदारों पर कार्रवाई से कांप रहे अफसरों के हाथ निगम की टीम ने अब तक कार्रवाई के नाम पर सिर्फ छोटे-छोटे दुकानों को टारगेट किया है। ठेले लगाकर जीवन यापन करने वालों पर ही निगम की सख्ती बनी हुई है।
जबकि सर्विस रोड पर बेखौफ कब्जा करने वालों को अब तक चेतावनी तक नहीं दे सकी है। सर्विस रोड में ठाकुर प्यारेलाल चौक से लेकर पोस्ट आफिस चौक तक अवैध कब्जे हैं। होटल, आटोमोबाइल सहित अन्य दुकानदारों ने फुटपॉथ को भी दुकान में तब्दील कर दिया है। लेकिन इस हिस्से में कार्रवाई की हिम्मत निगम नहीं जुटा पा रही है।






