दिल्ली से शहर लौटने वाली एक महिला कोरोना से संक्रमित मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित महिला को दवा देकर होम आइसोलेट किया है। सीएमएचओ डॉ. अशोक बंसोड़ ने बताया कि उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। महिला आरके नगर में की रहने वाली है। दिल्ली से लौटने पर वह सर्दी-खांसी, बुखार से पीड़ित थी। जिला अस्पताल में जांच कराने पर वह कोरोना पॉजिटिव मिली है।
देश में कोरोना के नए वैरिएंट मिलने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में भी अब तक 9 संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं अब एक केस राजनांदगांव में मिल गया। बढ़ते संक्रमण को देख जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार कोरोना जांच कर रही है। प्रदेश में अलर्ट जारी होने के बाद नोडल अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी को बनाया गया है।
वहीं जिले में 10 जगहों पर सेंटर बनाकर कोरोना जांच की जा रही है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, शंकरपुर, मोतीपुर, लखोली, छुरिया, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, सोमनी, घुमका अस्पताल में जांच सेंटर बनाया गया है। बताया गया कि फिलहाल आरटीपीसीआर जांच ही की जा रही है। अभी एंटीजन टेस्ट की अनुमति नहीं है। हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि नए वैरिएंट से ज्यादा खतरा नहीं है। दवा लेने से यह ठीक हो रहा है।
