केरल- केरल के कोझिकोड में करीपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान लैंडिंग करने के दौरान फिसल गया और खाई में गिर गया। यह हादसा इतना भीषण था कि विमान दो हिस्सों में बंट गया। घटना में दो पायलट सहित 18 लोगों की मौत हो गई। विमान में 191 यात्री सवार थे। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कोझिकोड मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। जहां घटना में घायल हुए यात्री भर्ती हैं। वहीं डीजीसीए के अधिकारियों के मुताबिक विमान से उसका डिजिटल फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (DFDR) बरामद कर लिया गया है। कॉकपिट के वॉयस रिकॉर्डर को निकाल लिया गया है। इन्हें आगे की जांच पड़ताल के लिए दिल्ली लाया जाएगा।

विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने भी कोझिकोड हवाई अड्डे का दौरा किया। इसके अलावा सीआईएसएफ के विशेष महानिदेशक एमए गणपति ने बताया कि 40 से अधिक सीआईएसएफ कर्मी, त्वरित प्रतिक्रिया दल और मुख्य हवाई अड्डा सुरक्षा अधिकारी हवाई अड्डे पर पहुंच गए और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ निकासी शुरू कर दी है। हादसे पर यूएस मिशन के हवाले से भारत में अमेरिकी राजदूत केन जस्टर ने दुख जताया है और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
वहीं विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन कोझीकोड पहुंच गए हैं। सभी यात्रियों और उनके परिवार के सदस्यों को सहायता प्रदान करने के लिए दिल्ली और मुंबई से दो विशेष राहत उड़ानों की व्यवस्था की गई है। घटना की जांच के लिए एएआईबी, डीजीसीए और उड़ान सुरक्षा विभाग पहुंच चुके हैं। इसके अलावा केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान करीपुर पहुंचे। वहीं दूसरी ओर नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि 127 लोग अस्पताल में हैं और अन्य को छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि विमान में आग लग जाती तो हमारा काम और भी मुश्किल हो जाता। मैं हवाई अड्डे जा रहा हूं। राहत और बचाव कार्य पूरा हो चुका है, मलबे को हटाने और ब्लैक बॉक्स को खोजने की तैयारी हो रही है। मृतक यात्रियों में से कुछ कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
