राजनांदगांव।जिले में कोरोना का संक्रमण थम ही नहीं रहा है। हर रोज दर्जनभर से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की गिरफ्त में आ रहे हैं अब तक छत्तीसगढ़ में कोरोना से 55 मौत हो चुकी है और आज राजनंदगांव के एक प्रधान आरक्षक की भी मौत हो चुकी है। जिले में पुलिस विभाग में यह पहला मामला है।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरन लाल जगनीत क्रमांक 480 का कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जिसका इलाज निरंतर चल रहा था। इलाज के दौरान प्रधान आरक्षक का कोरोना टेस्ट कराया गया था, जो पाजिटिव पाया गया था । जिसकी आज प्रातः 8:00 मृत्यु हो गई है। बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक पहले से बीमार चल रहे थे।
शनिवार को भी जिले में 18 आइटीबीपी जवानों के साथ कुल 25 नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है, जिसमें एक बीएसएफ का जवान भी है। जो एक दिन पहले ही रक्षाबंधन त्योहार के लिए छुट्टी लेकर अपने गांव खैरागढ़ ब्लॉक के टोलागांव आया था। इधर शहर के चौखड़िया पारा में फिर पांच लोग पॉजिटिव आए हैं। इससे पहले भी उसी घर से चार लोग संक्रमित हो चुके हैं। सभी नए 25 मरीजों को मेडिकल कालेज पेंड्री के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर का चौखड़िया पारा अब कोरोना हॉट स्पॉट की तरह बनता जा रहा है। पहले से ही यहां चार लोग संक्रमित हो चुके हैं। शनिवार को फिर पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। इसके कारण पड़ोस में रहने वाले लोगों की धड़कनें तेज हो गई है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित घर के साथ आसपास के सौ मीटर एरिया को सील कर दिया है। ज्ञात हो कि इससे पहले शहर में गंज लाइन और लखोली वार्ड कोरोना हॉट स्पॉट जोन बन गया था। हालांकि वर्तमान में यहां कोरोना का संक्रमण काफी हद तक थम गया है।शनिवार को कुल 25 नए मरीजों की पहचान की गई।
जिसमें मोहला आइटीबीपी के 15, सोमनी के दो और छुरिया आइटीबीपी कैंप के एक जवान संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा खैरागढ़ के टोलागांव में एक बीएसएफ का जवान पॉजिटिव आया है। वहीं डोंगरगढ़ में भी एक संक्रमित की पहचान हुई है। साथ ही चौखड़िया पारा में पांच लोग एक साथ संक्रमित मिले हैं। सभी मरीजों को कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर मेडिकल की टीम संक्रमितों के ट्रेवल हिस्ट्री निकालने में जुट गई है।
आइटीबीपी के 292 जवान अब तक संक्रमित
जिले में कोरोना का विस्फोट आइटीबीपी के कैंपों पर हुआ है। शहर से लगे सोमनी गांव के आइटीबीपी कैंप से इसकी शुरुआत हुई है। जिसके बाद मानपुर के कोहका, अंबागढ़ चौकी, छुरिया, मोहला व बागनदी के आइटीबीपी कैंप के जवान कोरोना की चपेट में आए। अभी तक करीब 292 जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें 119 जवान कोरोना को हराकर ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 173 केस एक्टिव है।
