Home मध्य प्रदेश पति पहुंचा लाड़ली बहना योजना की क़िस्त लेने, पत्नी पहले से ही...

पति पहुंचा लाड़ली बहना योजना की क़िस्त लेने, पत्नी पहले से ही ले रही विधवा पेंशन

44

रायसेन
 रायसेन के वार्ड एक में रहने वाले एक व्यक्ति ने नगर पालिका की राजस्व शाखा में जमकर हंगामा किया। उसने नपा के कम्प्यूटर तोड़ दिए, टेबल का कांच फोड़ दिया। घटना  दोपहर करीब एक बजे की है। आरोपित पत्नी को लाड़ली बहना योजना का लाभ ना मिल पाने से नाराज था। उसने नपा कर्मचारियों से जब इसका कारण पूछा, तो पता चला कि उसकी पत्नी को विधवा पेंशन मिल रही है।

जानकारी के अनुसार रायसेन के वार्ड एक में रहने वाले खूबचंद शाक्य की पत्नी भागवती को पिछले दो माह से लाड़ली बहना की राशि नहीं मिल रही है। खूबचंद ने नगर पालिका के कई चक्कर काटे। इस महीने भी खाते में लाड़ली बहना की राशि नहीं आई, तो वह नगर पालिका पहुंच गया। उसने यहां समग्र आइडी में पत्नी की केवाइसी संबंधित जानकारी ली। कर्मचारियों को बताया कि उसकी पत्नी को एक हजार रुपये नहीं मिल रहे हैं।

कर्मचारियों ने समग्र पोर्टल पर जांच की और बताया कि पत्नी को विधवा पेंशन मिल रही है। इस बात से खूबचंद गुस्से में आ गया। उसने कहा कि वह जब जिंदा है, तो उसकी पत्नी को विधवा पेंशन कैसे मिल सकती है। ये नगर पालिका की गलती है, इससे वह और उसकी पत्नी परेशान हो रहे हैं। खूबचंद की सुनवाई नहीं हुई तो  वह फिर नपा पहुंचा और तोड़फोड़ कर दी। हंगामा देख नपाअध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खूबचंद को समझाइश देते हुए उसे कार्यालय से बाहर किया।

लोहे की रॉड लेकर पहुंचा था

नगर पालिका कर्मचारियों ने बताया कि खूबचंद शाक्य हाथों में लोहे की रॉड लेकर आया था। उसने जैसे समग्र पोर्टल पर जानकारी ली, उसी दौरान कम्प्यूटर पर रॉड मारने लगा। उसने दो कम्प्यूटर के मॉनीटर तोड़ दिए, वहीं टेबिल पर रखा कांच फोड़ दिया। तोड़फोड़ के दौरान वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने खुद को बचाते हुए उसे काबू में किया। कम्प्यूटर तोड़ने से समग्र पोर्टल, पेंशन आदि का काम प्रभावित हुआ। नपा कर्मचारी मनुकांत चौरसिया ने बताया कि उसके हमले से कर्मचारी भी बाल-बाल बचे थे।

Previous articleइछावर में तीन घंटे में पांच इंच बारिश, नदी-नाले उफान पर, आज खुल सकते हैं कोलार डैम के गेट
Next articleरायपुर : पीसीपीएनडीटी एक्ट के राज्य सलाहकार समिति की हुई बैठक