रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक डॉक्टर ने युवती से दुष्कर्म किया। आरोपी मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) में एमबीबीएस डॉक्टर है और पीजी की पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर वह दो साल तक शोषण करता रहा। युवती भी आयुर्वेद की डॉक्टर है और रायपुर में रहकर प्रैक्टिस करती है। उसने डॉक्टर के खिलाफ डीडी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल, आरोपी डाॅक्टर क्वारैंटाइन में है। जानकारी के मुताबिक, मेकाहारा में डॉक्टर दीपांकर साहू के खिलाफ अंबिकापुर निवासी 28 साल की आयुर्वेद डॉक्टर ने मामला दर्ज कराया है। युवती का कहना है कि वर्ष 2018-19 में उसकी पहचान आरोपी डॉक्टर दीपांकर से हुई थी। इसके बाद दाेनों में दोस्ती हो गई और वे एक-दूसरे को पसंद करने लगे। आरोप है कि इसी बीच आरोपी डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद जब भी युवती आरोपी डॉक्टर से शादी के लिए कहती तो वह टाल जाता। बार-बार के बहाना बनाने से परेशान महिला डॉक्टर ने थाने में मामला दर्ज करा दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर दीपांकर की ड्यूटी काेरोना आइसोलेशन वार्ड में थी। इसके बाद से वह क्वारैंटाइन में है। क्वारैंटाइन अवधि पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी डॉक्टर से पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर भी वाड्रफनगर, अंबिकापुर का रहने वाला है।
