इंदौर
शहर की सुंदरता खराब करने वाले सावधान हो जाएं, क्योंकि उन्हें जेल की हवा खानी पड़ सकती है। इंदौर नगर निगम ने ऐसे लोगों पर अब एफआइआर कराने का फैसला लिया है। अभी तक स्पॉट फाइन जैसी कार्रवाई की जाती थी। स्वच्छता सर्वे की टीमों के आने से पहले इंदौर नगर निगम के अधिकारियों को शहर की सुंदरता की चिंता सताने लगी है। स्वच्छता सर्वे की मुख्य शर्तों में शहर की सुंदरता भी शामिल है। इसके अंक पाने के लिए इंदौर नगर निगम ने पूरे शहर में जगह-जगह चित्रकारी करवाई हैै। नगर निगम अफसरों को लगातार शिकायत मिल रही थी कि चित्रकारी वाले स्थानों पर कुछ लोग बैनर पोस्टर आदि लगाकर अपना विज्ञापन कर रहे हैं। इससे शहर की सुंदरता खराब हो रही है। इन पर नियंत्रण के लिए निगम ने फैसला किया है कि ऐसे लोगों के खिलाफ एफआइआर कराई जाएगी। निर्धारित स्थानों के अलावा बैनर-पोस्टर लगाने वालों पर कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य अधिकारी, नियंत्रणकर्ता अधिकारी, सीएसआइ व अन्य अधिकारियों को एफआइआर कराने के निर्देश दिए हैं।
यह रखें ध्यान
अब सार्वजनिक स्थानों, सार्वजनिक शौचालयों, शासकीय दीवारों, संकेतकों, अथवा निगम के संदेशों पर बिना अनुमति बैनर, फ्लेक्स, पोस्टर आदि लगाए तो कार्रवाई की जाएगी।
पांच बार आ चुके नंबर- 1
मालूम हो कि इंदौर स्वच्छता में लगातार पांचवीं बार पूरे देश में नंबर वन आ चुका है। अब नगर निगम छक्के की तैयारी में है। इसके लिए लगातार नगर निगम के अफसर मैदान में उतरकर काम कर रहे हैं। इंदौर नगर निगम के अधिकारी शहर की स्वच्छता, साफ-सफाई, दीवार पेंटिंग समेत स्वच्छता सर्वे की सभी शर्तों पर काम कर रहे हैं।







